हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस के दिन बड़ा सड़क हादसा हो गया। सरसावा थाना क्षेत्र में एक Scorpio अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में ITBP के DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर की मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक ITBP के DIG परमिंदर सिंह अपने ड्राइवर रवि शंकर और एक जवान के साथ Scorpio से मसूरी से ट्रेनिंग पूरी कर अंबाला लौट रहे थे। तीनों वापस अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरसावा क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क के डिवाइडर से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने ITBP DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल जवान का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
लॉन्च होते ही मचाया तहलका: महिंद्रा की नई Formula E एडिशन SUV में ऐसा क्या है खास?
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे की जानकारी ली और घायल जवान के उपचार के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन के अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर से टक्कर हुई। हालांकि Scorpio अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटाया जा रहा है।
Location : Saharanpur
Published : 15 August 2026, 2:09 PM IST
Topics : ITBP News Saharanpur News Uttar Pradesh News