
रोहतक कांड में जाह्नवी की भूमिका पर पुलिस को शक (IMG: Dynamite News)
Rohtak: हरियाणा के रोहतक में मिलन ढाबे पर हुए चौहरे हत्याकांड की जांच अब उत्तर प्रदेश के शामली तक पहुंच गई है। इस मामले में पुलिस को बहावड़ी गांव की पूर्व प्रधान बबली की बेटी जाह्नवी मलिक की तलाश है। जाह्नवी पर आरोप है कि उसने गैंगस्टर सन्नी रिटौलिया के करीब पहुंचकर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और फिर कथित तौर पर गैंगस्टर रवि राठी के गिरोह तक पहुंचाई। बताया जा रहा है कि हत्याकांड के बाद जाह्नवी देश छोड़कर थाईलैंड के बैंकॉक चली गई। वहां से उसके जॉर्जिया जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
रोहतक पुलिस की जांच में सामने आया है कि जाह्नवी दिल्ली में रहकर आईएएस अधिकारी बनने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान करीब दो महीने पहले उसने इंस्टाग्राम के जरिए गैंगस्टर सन्नी रिटौलिया से संपर्क बढ़ाया। आरोप है कि धीरे-धीरे उसने सन्नी के साथ करीबी रिश्ता बना लिया और दिल्ली से रोहतक आकर किराये के फ्लैट में रहने लगी। बताया जा रहा है कि वह वहां रहकर सन्नी की गतिविधियों पर नजर रखती थी। उसके पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो भी थी, जिसमें सन्नी को कई बार घूमते हुए देखा गया था।
रोहतक-दिल्ली रोड के मिलन ढाबे पर पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर अंधाधुंध फायरिंग में चार की मौत
जाह्नवी को लेकर सामने आ रही जानकारी में एक पुरानी पारिवारिक रंजिश का भी जिक्र है। बताया जा रहा है कि चुनावी रंजिश के चलते उसके पिता और ताऊ की हत्या हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए जाह्नवी ने जॉर्जिया में बैठे बागपत के गैंगस्टर रवि राठी से संपर्क किया था। आरोप है कि इसके बाद उसने सन्नी रिटौलिया के करीब पहुंचकर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू की।
रोहतक के खरावड़ गांव के नजदीक दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर बुधवार रात करीब एक बजे अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। बदमाशों ने ढाबे पर मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए 50 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झज्जर जिले के डीघल निवासी रिंकू, विनीत और हर्ष उर्फ राजू बताए गए हैं। इसके अलावा झज्जर के बेरी निवासी एमकॉम के छात्र हिमांशु की भी गोली लगने से मौत हो गई।
रोहतक कांड में जाह्नवी की भूमिका पर पुलिस को शक (IMG: Dynamite News)
जांच के दौरान जाह्नवी के हत्याकांड के बाद घटनास्थल से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक कार से पहुंचाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बाद उसके बैंकॉक जाने की आशंका जताई जा रही है। कुछ इनपुट में उसके जॉर्जिया जाने की संभावना का भी जिक्र है। हालांकि, उसके विदेश जाने के पूरे घटनाक्रम और मौजूदा लोकेशन को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
शामली पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, रोहतक पुलिस को चौहरे हत्याकांड के मामले में बहावड़ी की पूर्व प्रधान बबली की बेटी जाह्नवी की तलाश है। इस मामले में शामली पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग किया जा रहा है और रोहतक पुलिस को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जाह्नवी के बैंकॉक जाने के संबंध में अहम जानकारी मिलने की बात कही है।
रोहतक पुलिस जाह्नवी की सोशल मीडिया गतिविधियों को भी खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, उसने चार दिन पहले अपनी सोशल मीडिया आईडी अपडेट की थी। इससे पहले सात दिन पुरानी पोस्ट भी जांच के दायरे में है। एक पोस्ट में जाह्नवी ने अपनी तस्वीरों के साथ गाने पर वीडियो साझा किया था। वहीं, दूसरी तस्वीर में वह एक होटल के सामने नजर आ रही है। एक अन्य वीडियो में वह पार्क में बैठी दिखाई दे रही है।
उधर, जाह्नवी की मां और बहावड़ी की पूर्व प्रधान बबली ने बेटी पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि रोहतक पुलिस उनके घर पहुंची थी और उनसे पूछताछ की गई थी, लेकिन उनका या उनकी बेटी का चौहरे हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है। बबली ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को गलत तरीके से इस मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। बबली के मुताबिक, जाह्नवी दिल्ली में रहकर आईएएस की कोचिंग कर रही थी। वह करीब एक महीने में एक बार घर आती थी और लगभग दस दिन पहले ही घर आई थी।
Location : Rohtak
Published : 29 November 2026, 1:20 PM IST