एक मैसेज और अचानक कार्ड से गायब हो गए 586 डॉलर, IRS अफसर के साथ ये क्या हुआ?

मेरठ में रिटायर्ड आईआरएस अधिकारी असित सिंह के क्रेडिट कार्ड से 586.23 अमेरिकी डॉलर की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आया है। भुगतान अमेरिका की कार रेंटल कंपनी हर्ट्ज़ के नाम पर हुआ। अधिकारी की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लेनदेन और साइबर ठगों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 August 2026, 2:23 PM IST

Meerut: मेरठ में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुंबई में आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयुक्त रह चुके रिटायर्ड आईआरएस अधिकारी असित सिंह के क्रेडिट कार्ड से हजारों रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। उनके कार्ड से 586.23 अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया गया। खास बात यह है कि यह रकम अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय कार रेंटल कंपनी के नाम पर गई है।

फोन पर आया लेनदेन का मैसेज

नोएडा के सेक्टर-44 निवासी असित सिंह भारत सरकार में सचिव स्तर के पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह मूल रूप से मेरठ के रहने वाले हैं और निजी काम से इन दिनों मेरठ आए हुए थे। इसी दौरान बुधवार दोपहर करीब 12:27 बजे उनके मोबाइल फोन पर उनके HSBC प्रीमियर क्रेडिट कार्ड से हुए लेनदेन का मैसेज आया।

मैसेज में बताया गया कि उनके कार्ड से 586.23 अमेरिकी डॉलर का भुगतान 'हर्ट्ज कार रेंटल' के लिए किया गया है। अधिकारी के मुताबिक उन्होंने इस तरह का कोई भुगतान नहीं किया था। मैसेज देखते ही उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया और क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कराने के साथ ही संदिग्ध लेनदेन पर भी रोक लगवा दी।

IRCTC Sapta Jyotirlinga Yatra: अब एक सफर में होंगे 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन… जानिये भारतीय रेलवे का खास महायात्रा प्लान

अमेरिकी कंपनी के नाम पर हुआ भुगतान

जिस कंपनी के नाम पर यह भुगतान किया गया है, वह अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय कार रेंटल कंपनी है। कंपनी एयरपोर्ट समेत कई स्थानों पर लोगों को किराए पर वाहन उपलब्ध कराती है। भारत के भी कई प्रमुख शहरों और हवाई अड्डों पर इसकी सेवाएं उपलब्ध हैं।

पुलिस को आशंका है कि साइबर ठगों ने रिटायर्ड अधिकारी के क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी किसी तरह हासिल की और उसका इस्तेमाल भारत या विदेश में कंपनी की किसी सेवा के लिए किया।

ऊना दलित कांड के आरोपियों के बरी होने पर भड़कीं Mayawati: कहा- पीड़ित परिवारों को मुफ्त वकील दे सरकार

साइबर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की शिकायत मिलने के बाद मेरठ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि रिटायर्ड अधिकारी की शिकायत पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मोबाइल नंबर और अकाउंट की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध भुगतान किस मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट, कार्ड डिटेल या अन्य डिजिटल माध्यम से किया गया। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्रेडिट कार्ड की जानकारी किस तरह साइबर ठगों तक पहुंची और अमेरिकी कंपनी के नाम पर भुगतान किसने किया।

फिलहाल पुलिस डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्यों को जुटा रही है। जांच आगे बढ़ने के बाद ही साफ होगा कि इस साइबर ठगी के पीछे कौन है और रकम का वास्तविक इस्तेमाल कहां किया गया।

 

Location :  Meerut

Published :  7 August 2026, 2:23 PM IST