टेबल फैन को घुमाने के लिए बढ़ाया हाथ, अगले ही पल मच गया कोहराम; करंट लगने से मजदूर की मौत

गोरखपुर के चौरी चौरा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। साथी मजदूर उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 2 June 2026, 3:58 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के चौरी चौरा क्षेत्र में एक मामूली सी लापरवाही जानलेवा साबित हो गई। रोज की तरह मजदूरी करने गया एक 50 वर्षीय व्यक्ति काम के दौरान टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह जमीन पर गिर पड़ा और अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर उसे अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और गांव में मातम का माहौल बना दिया।

चमड़ा मंडी में हुआ हादसा

यह घटना चौरी चौरा थाना क्षेत्र के भोपा बाजार स्थित चमड़ा मंडी की है। जानकारी के मुताबिक अदाई महदेवा गांव निवासी 50 वर्षीय राम प्रवेश किशोरी यहां मजदूरी का काम करते थे। मंगलवार को भी वह रोज की तरह काम पर पहुंचे थे।

गोरखपुर में 33 साल से सुलग रही है जमीन की आग, बिना बिजली-सिलेंडर नरक जैसा जीवन जीने को मजबूर पीड़ित का खौफनाक खुलासा!

करंट लगते ही जमीन पर गिरे मजदूर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैन में करंट आने की किसी को भनक नहीं थी। जैसे ही राम प्रवेश ने फैन को हाथ लगाया, उन्हें जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। घटना देखते ही वहां मौजूद अन्य मजदूर और स्थानीय लोग घबरा गए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राम प्रवेश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरी चौरा पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही वहां मौजूद लोगों में मायूसी छा गई।

हैलट से KGMU, लोहिया से PGI तक… इलाज की तलाश में भटकती रही मासूम, मौत ने पहले पहुंचकर दस्तक दे दी

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर अस्पताल का माहौल भी गमगीन हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर चौरी चौरा पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  2 June 2026, 3:58 PM IST