
अभद्रता और धमकी का आरोप (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में महिला थाने में तैनात एक महिला उपनिरीक्षक (एसआई) से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला पुलिसकर्मी की तहरीर पर कोतवाली नगर थाने में खुद को व्यापार मंडल का अध्यक्ष बताने वाले जे.सी. चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, जे.सी. चौहान ने आरोपों से इनकार करते हुए अपना पक्ष भी रखा है।
महिला थाना में तैनात उपनिरीक्षक हंसा भदौरिया के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को जनता दर्शन से संबंधित एक दांपत्य विवाद की काउंसलिंग की जा रही थी। पीड़िता रिशु कुमारी और उसके पति बेचूलाल के बीच समझौते का प्रयास किया गया। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 5 और 3 वर्ष है।
एसआई हंसा भदौरिया के मुताबिक, काउंसलिंग के दौरान महिला अपने पति के साथ रहने और बच्चों को साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद नियमानुसार दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर उनके हस्ताक्षर कराए गए और आगे की कार्रवाई के लिए मामला न्यायालय भेज दिया गया।
महिला उपनिरीक्षक का आरोप है कि इसी दौरान जे.सी. चौहान ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उनकी तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Raebareli: जल जीवन मिशन की बड़ी लापरवाही, गड्ढे में फंसी स्कूली मिनी बस, बाल-बाल बचे मासूम बच्चे
दूसरी ओर, जे.सी. चौहान ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह पीड़ित पक्ष की सहायता के लिए महिला थाने गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला उपनिरीक्षक ने उनकी बात सुने बिना उन्हें बाहर जाने के लिए कह दिया। उनका कहना है कि उन्होंने दोबारा अपनी बात रखने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Raebareli
Published : 25 July 2026, 8:04 PM IST