
टायर बदलते समय बड़ा हादसा (Img: AI)
Raebareli: रायबरेली के उन्नाव-लालगंज हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। ककरारी गांव के पास पंक्चर हुए कंटेनर का टायर बदल रहे चालक और उसके दो रिश्तेदारों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
प्रतापगढ़ जिले के लीलापुर थाना क्षेत्र के खरगपुर पंडित का पुरवा निवासी प्रदीप कुमार (38) कोलकाता से किराना का सामान लेकर राजस्थान जा रहा था। रास्ते में ककरारी गांव के पास उसके कंटेनर का टायर पंक्चर हो गया। अकेले होने के कारण उसने रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के अटौरा गांव में रहने वाली अपनी बुआ श्यामा को फोन कर खाना और मदद भेजने को कहा।
बुआ के कहने पर प्रदीप का फुफेरा भाई हरिश्चंद्र (35) और परिवार का ही युवक नितेश कुमार उर्फ मिथुन (20) खाना लेकर मौके पर पहुंचे। भोजन करने के बाद रात करीब 11:30 बजे तीनों मिलकर कंटेनर का टायर बदल रहे थे। तभी रायबरेली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत फरार हो गया।
हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रदीप और हरिश्चंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नितेश को पहले जिला अस्पताल और बाद में कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि दो शवों का पोस्टमार्टम उन्नाव और एक का कानपुर में कराया गया है। फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Raebareli News: होटल में चार्जर लगाते वक्त युवक को लगा करंट, 10 साल से कर रहा था काम
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक वाहन चलाने और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रदीप अपने परिवार का बड़ा सहारा था और उसके पांच बच्चे हैं। हरिश्चंद्र अपने पीछे पत्नी उमा और दो बच्चों को छोड़ गया, जबकि अविवाहित नितेश परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Raebareli
Published : 3 July 2026, 2:19 PM IST