रात के अंधेरे में बंट रहा था चोरी का माल, पुलिस की घेराबंदी देख दागीं गोलियाँ; जवाबी कार्रवाई में लंगड़े हुए दो शातिर

रायबरेली के मिलएरिया थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान ज्वेलर्स चोरी गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हुए। पुलिस ने 12.80 किलो चांदी के आभूषण, हथियार और कार बरामद कर एक फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 7 August 2026, 6:09 PM IST

Raebareli:  उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में ज्वेलर्स चोरी गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। मिलएरिया थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। घायलों को सीएचसी अमावा ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि देर रात मिलएरिया थाना क्षेत्र के लोनियन का पुरवा गांव स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और नई चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।

Raebareli: वित्तविहीन स्कूलों के शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज की मांग, फेडरेशन ने DM को सौंपा ज्ञापन

12.80 किलो चांदी और हथियार बरामद

आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक स्विफ्ट डिजायर कार और 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक यह बरामदगी मिलएरिया के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स दुकानों और अमेठी के मोहनगंज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ी है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रायबरेली इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर अनुराग शुक्ला ने बताया कि अमावां सीएचसी से दो लोगों को पुलिस लेकर आई है। दोनों लोग घायल है जिन्हें इलाज के लिये भर्ती किया गया। इनके नाम बबलू व शिव कुमार है।

Raebareli: कांवड़ यात्रा पर बड़ा फैसला! जानिए 30 जुलाई से मांसाहार पर रोक और ढाबों के लिए क्यों अनिवार्य हुआ ये ऐप?

एएसपी बोले- पुलिसकर्मी सुरक्षित

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि रात में सूचना मिली कि कुछ लोग थाना मिल एरिया क्षेत्र के तकिया चौराहे पर हुई चोरी के माल के बंटवारे और पुनः चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस में आत्मरक्षा में फायरिंग की जिसमें दो बदमाश घायल हुए हैं।

इसी दौरान तीन लोग भागने लगे तो पुलिस ने घेराबंदी करके तीनों लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से हथियार व चोरी का सामान बरामद किया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और अग्रिम कार्रवाही की जा रही है।

Location :  Raebareli

Published :  7 August 2026, 6:01 PM IST