
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Img: Dynamite News)
Raebareli: रायबरेली में एक 10 वर्षीय बालिका की मौत का मामला अब बड़ा विवाद बन गया है। ऑपरेशन के बाद बच्ची के कोमा में जाने और फिर इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने शाश्वत नर्सिंग होम के डॉक्टर अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर की गिरफ्तारी के बाद जिले में चिकित्सा जगत और प्रशासन आमने-सामने आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ निवासी शरद कुमार सिंह ने अपनी 10 वर्षीय बेटी शिवानी के टॉन्सिल उपचार के लिए रायबरेली के शाश्वत नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण बच्ची की हालत गंभीर हो गई और वह कोमा में चली गई।
इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे लखनऊ के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 6 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
मामले में बच्ची के परिजनों की शिकायत पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के बाद डॉक्टर अमित सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के साथ अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि डॉक्टर अमित सिंह को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
डॉक्टर अमित सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने मोर्चा खोल दिया है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. संजीव जायसवाल ने कहा कि गिरफ्तारी के विरोध में जिले के निजी अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिक बंद रखे जाएंगे। डॉक्टरों ने मामले की निष्पक्ष और दोबारा जांच की मांग उठाई है।
आईएमए के धरने के दौरान डॉक्टरों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करने की बात कही।
सोना छुएगा 5 लाख का आंकड़ा? HSBC की भविष्यवाणी से सहमे खरीदार, जानें लखनऊ समेत बड़े शहरों का हाल
धरने के दौरान डॉक्टर अमित सिंह के परिवार ने आईएमए की भूमिका पर सवाल उठाए। डॉक्टर अमित सिंह की पत्नी ने आरोप लगाया कि जब जरूरत थी तब संगठन साथ नहीं आया। वहीं उनके पिता ने भी आईएमए पदाधिकारियों से नाराजगी जताई।
धरना स्थल पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार और सीओ सिटी आशीष निगम ने डॉक्टरों से प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और प्रशासन कानून के अनुसार कार्रवाई कर रहे हैं। यदि किसी को आपत्ति है तो वह न्यायालय में अपनी बात रख सकता है।
फिलहाल इस मामले में डॉक्टर की गिरफ्तारी के बाद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Location : Raebareli
Published : 16 July 2026, 10:03 AM IST
Topics : IMA Protest Medical Negligence raebareli news