
कोर्ट के बाहर हुआ कत्ल (Image: X)
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर मंदार मारुति किवले कानूनी कार्यवाही के सिलसिले में पुणे की एक अदालत में पहुंचा था। इसी दौरान अदालत के बाहर हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले धारदार हथियार से उस पर कई वार किए और फिर गोली मार दी।
वारदात के बाद जांच करने पहुंचे अफसर (Image: X)
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में मंदार मारुति किवले फुटपाथ पर पड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि दो हमलावर उस पर लगातार धारदार हथियार से वार करते नजर आ रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर दो स्कूटरों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े अदालत के बाहर हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मृतक मंदार मारुति किवले खुद हत्या के एक मामले में आरोपी था। पिछले साल 20 अप्रैल 2025 को पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में जमीन और पैसों के विवाद को लेकर शुभम सुभाष चव्हाण नाम के युवक की हत्या हुई थी।
इसी हत्याकांड के मामले में मंदार मारुति किवले जेल में बंद था। वह वारदात से महज चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। बुधवार को वह कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत पहुंचा, जहां हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी।
हालांकि, मंदार की हत्या का संबंध पुराने हत्याकांड से है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सामने आए वीडियो के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश कर रही है।
हमलावर कौन थे और उन्होंने मंदार मारुति किवले को निशाना क्यों बनाया, इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य विवाद, इसका पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
Location : Pune
Published : 25 November 2026, 5:07 PM IST
Topics : Maharashtra Crime News Mandar Maruti Kivale Pune Court Firing Pune Court Murder Pune Crime News