
पत्नी की हत्या का आरोप (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के पटहटिया कला गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या करने के आरोप में उसके पति अजय यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने चार नकाबपोश बदमाशों के घर में घुसकर हत्या करने और 90 हजार रुपये लूटने की झूठी कहानी बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार और सीओ रानीगंज के निर्देशन में जांच शुरू की गई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी अजय यादव को रोहखुर्द कला-विक्रमपुर गौशाला मोड़ से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घरेलू विवाद के बाद पत्नी पर पत्थर से हमला करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि सिर पर कई वार किए जाने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रतापगढ़ में मां-बेटे की मौत, रात में सब सही था, फिर सुबह अचानक क्या हुआ?
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने कमरे के फर्श पर फैले खून को साफ करने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। इसके बाद उसने हत्या में इस्तेमाल पत्थर और दोनों के मोबाइल फोन घर के पीछे स्थित एक सूखे कुएं में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से खून और बाल लगे पत्थर, मृतका का रियलमी मोबाइल फोन और आरोपी का सैमसंग मोबाइल बरामद किया है। आरोपी की तलाशी में 720 रुपये नकद भी मिले हैं।
एक AC का किराया 1 लाख रुपये! प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को पद से हटाया गया, जांच शुरू
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर फतनपुर थाने में अजय यादव के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस की आगे की कार्रवाई और मामले के तथ्यों का निर्धारण कानूनी प्रक्रिया के तहत होगा।
Location : Pratapgarh
Published : 18 October 2026, 5:32 PM IST