झांसी में पुलिस का शिकंजा, सीपरी बाजार हत्याकांड एनकाउंटर में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

झांसी के सीपरी बाजार क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चिगारा को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी रग्गु ने मौके पर ही सरेंडर कर दिया। पुलिस ने दोनों के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 June 2026, 7:54 PM IST

Jhansi : झांसी में हत्या के मामले के बाद पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी ने मौके पर ही सरेंडर कर दिया। पुलिस ने दोनों से हथियार बरामद किए हैं, हालांकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

झांसी में हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में होटल के पास हुए खूनी हमले में एक युवक की मौत के बाद फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस का आमना-सामना देर रात बदमाशों से हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी चिगारा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी रग्गु डर के मारे मौके पर ही सरेंडर कर बैठा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। हालांकि इस हत्याकांड का एक आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

फरार आरोपियों पर चली गोली

दिल्ली हाईवे किनारे बने शिवानी होटल के पास हुए खूनी संघर्ष के 24 घंटे बाद झांसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गौरीशंकर कुशवाहा की हत्या और उसके चाचा मुरारी को घायल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। पुलिस के मुताबिक, देर रात सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी चिगारा और उसके साथी पुलिस के सामने आ गए। खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में चिगारा के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपियों से बरामद किए हथियार 

वहीं दूसरा आरोपी रग्गु पुलिस की सख्ती देखकर मौके पर ही हथियार डालकर सरेंडर कर गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि इस हत्याकांड में होटल मालिक समेत दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Location :  Jhansi

Published :  7 June 2026, 7:54 PM IST