भदोही में डॉक्टर को रास्ते से हटाने की साजिश! 34 मिनट की ऑडियो ने खोला राज, दो स्वास्थ्यकर्मी गिरफ्तार

भदोही के भानीपुर CHC अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में बीपीसीएम अजीत कुमार और स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्याम सुंदर सिंह शामिल हैं। दोनों के बीच बातचीत का 34 मिनट का ऑडियो प्रसारित होने के बाद अधीक्षक ने सीएमओ और डीएम से शिकायत की थी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 2 September 2026, 1:02 PM IST

Bhadohi: भदोही के भानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी CHC में एक ऑडियो सामने आने के बाद ऐसा हड़कंप मचा कि मामला सीधे पुलिस और प्रशासन तक पहुंच गया। आरोप है कि अस्पताल के ही दो संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद को रास्ते से हटाने और उनके साथ हादसा कराने की बात कही। करीब 34 मिनट के ऑडियो में कथित तौर पर दोनों के बीच अधीक्षक को लेकर आपत्तिजनक और धमकी भरी बातचीत सुनाई दे रही है।

ऑडियो जब सीएचसी अधीक्षक तक पहुंचा तो उन्होंने मामले को हल्के में नहीं लिया। उन्होंने इसकी शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिलाधिकारी से की। इसके बाद डीएम के निर्देश पर दुर्गागंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान ऑडियो से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद दोनों संविदा कर्मियों को मंगलवार रात सीएचसी से गिरफ्तार कर लिया गया।

34 मिनट के ऑडियो से मचा हड़कंप

मामले की सबसे ज्यादा चर्चा उस ऑडियो क्लिप को लेकर हो रही है, जिसकी अवधि करीब 34 मिनट बताई जा रही है। इसके अलावा कुछ अन्य ऑडियो क्लिप भी प्रसारित होने की बात सामने आई है। शिकायत के मुताबिक ऑडियो में दोनों स्वास्थ्यकर्मी कथित तौर पर सीएचसी अधीक्षक के अस्पताल आने के बाद अपनी परेशानी की बात करते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान कथित तौर पर यह भी कहा गया कि अगर अधीक्षक अस्पताल से बाहर निकलेंगे तो उनके वाहन को टक्कर मरवाकर उन्हें खत्म कराया जा सकता है।

नाम बदलने से क्या बदल जाएगा? भदोही पर योगी के ऐलान पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना, यूपी में फिर छिड़ी नई बहस

डीएम के निर्देश पर पुलिस ने शुरू की जांच

सीएचसी अधीक्षक की शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर दुर्गागंज पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस ने ऑडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की और इसके बाद दोनों आरोपितों को मंगलवार रात सीएचसी से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दुर्गागंज मनोज कुमार के अनुसार दोनों आरोपितों का शांति भंग में चालान किया गया है। वहीं सीएचसी अधीक्षक से दोबारा तहरीर देने के लिए कहा गया है। पुलिस का कहना है कि दूसरी तहरीर मिलने के बाद दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

पहले से चल रही थी अधीक्षक से नाराजगी?

इस पूरे मामले की एक कड़ी दोनों स्वास्थ्यकर्मियों की पहले से चली आ रही नाराजगी से भी जुड़ती नजर आ रही है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक दोनों संविदा कर्मियों को मनबढ़ किस्म का बताया जा रहा है। बताया गया कि सीएचसी से जुड़ी एक एएनएम ने दोनों के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत सीएचसी अधीक्षक से की थी। शिकायत मिलने के बाद अधीक्षक ने दोनों को बुलाकर फटकार लगाई थी। साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए सीएमओ को पत्र भी भेजा था।

डेढ़ महीने पहले ही भानीपुर आए थे अधीक्षक

सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद ने बताया कि वह पहले डीघ सीएचसी में तैनात थे और करीब डेढ़ महीने पहले ही स्थानांतरित होकर भानीपुर सीएचसी आए हैं। उनके मोबाइल पर जब ऑडियो रिकॉर्डिंग पहुंची तो उसमें कथित बातचीत सुनकर वह भी हैरान रह गए। अधीक्षक के मुताबिक ऑडियो में उनके साथ दुर्घटना कराने की बात कही गई थी। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी सीएमओ और डीएम को दी।

गैंगस्टर विजय मिश्रा की आर्थिक रीढ़ टूटी: भदोही पुलिस ने जब्त की करोड़ों की एग्रो इंडस्ट्रीज, पूरा परिवार पहले ही काट रहा जेल

दोनों आरोपित संविदा कर्मचारी

पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों स्वास्थ्यकर्मी संविदा पर काम करते हैं। बीपीसीएम अजीत कुमार भदोही के ऊंज थाना क्षेत्र के मुंगरी गांव का रहने वाला बताया गया है। वहीं स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्याम सुंदर सिंह ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के जाठी गांव का निवासी है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित होगी कि ऑडियो में आवाज किन लोगों की है, बातचीत किस परिस्थिति में हुई और कथित धमकी के पीछे वास्तव में क्या वजह थी।

शांति भंग में चालान, अब मुकदमे की तैयारी

पुलिस ने फिलहाल दोनों आरोपितों का शांति भंग में चालान किया है। लेकिन सीएचसी अधीक्षक की दूसरी तहरीर के बाद मामला और गंभीर धाराओं में दर्ज होने की स्थिति बन सकती है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 34 मिनट के कथित ऑडियो ने भानीपुर सीएचसी के अंदर चल रहे विवाद को सार्वजनिक कर दिया है।

Location :  Bhadohi

Published :  2 September 2026, 1:02 PM IST