नोएडा की नामी हाउसिंग सोसाइटी में कारोबारी ने कार से मां-बेटी को रौंदा, देखें खौफनाक हादसे का पूरा वीडियो

नोएडा की एक हाई-राइज सोसाइटी में दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार ने मां और उसकी 5 साल की बेटी को कुचल दिया। घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 June 2026, 7:56 PM IST

Noida: नोएडा के सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराविला सोसायटी की बेसमेंट पार्किंग में एक तेज रफ्तार कार ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी 5 साल की बेटी को कुचल दिया। दोनों करीब 10 मीटर तक कार के नीचे घिसटती रही। महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जबकि बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आरोपी कारोबारी चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

सामान लेकर फ्लैट जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, अरुण शर्मा अपनी पत्नी कितिका शर्मा और दो बेटियों के साथ महागुन मिराविला सोसायटी में रहते हैं। पति-पत्नी दोनों नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। करीब पौने 11 बजे चारों अपनी कार से सामान उतारकर फ्लैट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेसमेंट-1 की पार्किंग में बने मोड़ पर दिल्ली नंबर की एक होंडा अमेज कार तेज रफ्तार में पहुंची। कितिका और उनकी छोटी बेटी आयरा को टक्कर मार दी।

Dynamite News Exclusive: गुजरात के नए डीजीपी बनने पर ग्रेटर नोएडा में जश्न, डाइनामाइट न्यूज़ पहुंची ज्ञानेंद्र सिंह मलिक के घर

कार के नीचे फंस गई मां-बेटी

टक्कर लगते ही मां और बेटी कार के नीचे फंस गई। इसके बावजूद कार आगे बढ़ती रही और दोनों करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। अरुण शर्मा ने तत्काल अपनी बेटी को कार के नीचे से बाहर निकाल लिया, लेकिन उनकी पत्नी कार के नीचे फंसी रह गई। आरोप है कि चालक कुछ समय तक कार में ही बैठा रहा।

लोगों ने बचाई महिला की जान

अरुण के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के आने के बाद चालक कार से बाहर निकला। इसके बाद लोगों ने मिलकर कार को उठाया और करीब चार मिनट की मशक्कत के बाद कितिका को बाहर निकाला। गंभीर हालत में महिला और उनकी बेटी को एंबुलेंस से फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया।

ग्रेटर नोएडा में शादी के 9 साल बाद पति बना जल्लाद, पत्नी को दी ऐसी सजा; सुनकर आपके भी हो जाएंगे रोंगटे खड़े

महिला की कई पसलियां टूटी

अरुण शर्मा का कहना है कि उनकी बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं कितिका को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी तीन पसलियां फ्रैक्चर हो गईं, सिर में चोट लगी, कॉलर बोन टूट गई और कार की गर्मी के कारण पेट भी झुलस गया। फोर्टिस अस्पताल में उनकी पसलियों और कंधे की सर्जरी की गई।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।

Location :  Noida

Published :  17 June 2026, 7:56 PM IST