मुजफ्फरनगर में सनसनी: संपत्ति बंटवारे के लिए बैठी पंचायत में बड़े भाई ने छोटे भाई को गोलियों से भूना, परिवार में मचा हाहाकार

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में संपत्ति विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गई जब अपनों ने ही अपनों की जान ले ली। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 August 2026, 10:35 AM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। पुरकाजी थाना क्षेत्र के नूरनगर गांव में संपत्ति के बंटवारे को लेकर बैठी एक पंचायत उस खूनी संघर्ष में बदल गई, जब बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और हर कोई इस खौफनाक अंजाम को देखकर सन्न है।

संपत्ति के विवाद को सुलझाने बैठी थी पंचायत

मिली जानकारी के मुताबिक, नूरनगर गांव में रहने वाले दो सगे भाइयों- दीपचंद गुर्जर और कृष्णपाल गुर्जर के बीच पिछले काफी दिनों से जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर मनमुटाव और तनातनी चल रही थी। इस पारिवारिक विवाद को आपसी रजामंदी और बातचीत से खत्म करने के लिए सोमवार को गांव में एक पंचायत बुलाई गई थी। इस पंचायत में दोनों पक्षों के घर-परिवार के लोग और तमाम रिश्तेदार इकट्ठा हुए थे ताकि बैठकर कोई ठोस समाधान निकाला जा सके।

मैनपुरी में सरेराह खूनी खेल! दूध देकर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, पूर्व प्रधान पर लगे गंभीर आरोप से मचा हड़कंप

गुस्से में आग बबूला हुआ बड़ा भाई, लाइसेंसी हथियार से किया हमला

पंचायत में संपत्ति के बंटवारे को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि बड़े भाई दीपचंद गुर्जर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में बेकाबू हुए दीपचंद ने अपने बेटे अंशुल के साथ मिलकर खौफनाक कदम उठाया। दीपचंद ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाली और अपने ही छोटे भाई कृष्णपाल गुर्जर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज से पंचायत स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

रसूखदार परिवारों से जुड़ा है मामला

इस घटना की एक खास बात यह भी सामने आई है कि यह परिवार काफी रसूखदार पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखता है। हत्यारोपी बड़ा भाई दीपचंद गुर्जर गांव का पूर्व प्रधान रह चुका है, जबकि मृतक छोटा भाई कृष्णपाल गुर्जर तितावी मिल गन्ना समिति का चेयरमैन रह चुका है। मामूली जमीन के टुकड़े के लालच और अहंकार ने इस रसूखदार परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने खून से लथपथ कृष्णपाल गुर्जर के शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

सावन के प्रथम सोमवार पर छोटी काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा बाबा का दरबार

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने खुद पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि पुरकाजी थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच पंचायत चल रही थी, इसी दौरान बड़े भाई दीपचंद ने लाइसेंसी राइफल से छोटे भाई कृष्णपाल की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी दीपचंद और उसके बेटे अंशुल दोनों को अपनी हिरासत में ले लिया है।

फिलहाल, पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और इस मामले में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के साथ-साथ बेहद कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है ताकि इस तरह की जघन्य वारदातों को अंजाम देने वालों को कड़ा संदेश मिल सके।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  4 August 2026, 10:35 AM IST