Muzaffarnagar News: बंधुआ मजदूरी के ‘काले खेल’ पर पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी को तितावी पुलिस ने दबोचा

मुजफ्फरनगर में मजदूरों को बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तितावी थाना पुलिस ने बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम और मजदूरों के साथ मारपीट के मामले में वांछित आरोपी विपिन को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 August 2026, 11:05 AM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में दर्ज बंधुआ मजदूरी और बाल श्रम के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी विपिन पुत्र राजवीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम मांडी, थाना तितावी का निवासी है और उसकी उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना तितावी में मुकदमा अपराध संख्या 154/2026 दर्ज है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम, बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम तथा किशोर न्याय (जेजे) अधिनियम की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। आरोप है कि मजदूरों को बंधक बनाकर उनसे जबरन काम कराया जाता था और उनके साथ मारपीट भी की जाती थी।

यह भी पढ़ें:Muzaffarnagar News: किसान संगठन में फिर हुई शाहनवाज की ‘घर वापसी’, मिली युवा जिलाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी

जंगल के पास से हुई गिरफ्तारी

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तितावी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मुकंदपुर झाल से करवाड़ा जाने वाले मार्ग पर हैदरनगर जंगल की पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी 19 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।

पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका

यह कार्रवाई थाना प्रभारी जयवीर सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवनीत यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल अर्जुन सिंह और महिला कांस्टेबल मेघा चौधरी शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: ना अपील, ना दलील… सीधे गोलियों की तड़तड़ाहट; 12 घंटे में 2 मुठभेड़, 4 आरोपियों को लगी गोली

आरोपी को न्यायालय भेजा गया

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ की और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  21 August 2026, 11:05 AM IST