मुजफ्फरनगर पुलिस ने शांति नगर से 12 लाख के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी बढ़ई था, जिसने डुप्लीकेट चाबी से ताला तोड़कर जेवरात चोरी किए थे।

घटना की जानकारी देते मुजफ्फरनगर पुलिस (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: अपराध की दुनिया में कभी-कभी वही इंसान सबसे खतरनाक साबित होता है, जिसे आप सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है शांति नगर से, जहाँ पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया, जिसने पीड़ित परिवार के घर में चोरी कर 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए।
घटना 13 मार्च 2026 की है, जब शांति नगर निवासी पूजा पत्नी प्रदीप ने थाना नई मंडी में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात चोर उनके घर का मुख्य गेट तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। एसपी सिटी सत्यनारायण ने बताया कि पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और टीम गठित की गई।
Mainpuri Land Scam: भरोसा जीतकर रची साजिश, रेशमा देवी की जमीन हड़पने का आरोप!
मुखबिर की सूचना पर 16 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने पचेंडा बाईपास के पास रनवीरा रिसॉर्ट के नजदीक आरोपी रवि पुत्र मदन, निवासी बधाई कला थाना चरथावल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पूरी योजना का खुलासा किया। उसने बताया कि वह बढ़ई का काम करता है और पीड़ित परिवार के घर उसका आना-जाना था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने अलमारी में रखे जेवरात देख लिए। मौका पाकर डुप्लीकेट चाबी से मुख्य गेट खोलकर कमरे का ताला तोड़ दिया और आभूषण चोरी कर उन्हें ईख के खेत में छिपा दिया। बाद में उन्हें बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एसपी सत्यनारायण ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके मान्य न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि घर में भरोसेमंद लोगों के साथ भी सतर्क रहें और कीमती सामान की सुरक्षा खुद सुनिश्चित करें।