Muzaffarnagar Encounter: मीरापुर मुठभेड़ में मेरठ का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के मीरापुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मेरठ के 15 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर वाहिद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 May 2026, 2:52 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में मेरठ का एक 15 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद हुई है।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

एसपी देहात ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मीरापुर थाना पुलिस संभलहेड़ा नहर पटरी रजवाहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

मेरठ का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाहिद पुत्र यामीन निवासी ग्राम ललियाना थाना किठौर जनपद मेरठ के रूप में हुई है। आरोपी मीरापुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, पैन कार्ड और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।

कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी वाहिद पर मेरठ, गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।

घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  22 May 2026, 2:41 PM IST