
आग में झुलसी विवाहिता
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि संतान न होने की वजह से महिला को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बझेड़ी गांव निवासी अमरीन का निकाह करीब साढ़े छह वर्ष पहले नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के रथेड़ी गांव निवासी शादाब से हुआ था। शादी के कई साल बीत जाने के बावजूद दंपति की कोई संतान नहीं हुई। आरोप है कि इसी बात को लेकर ससुराल में आए दिन विवाद होता था और अमरीन को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले दोनों परिवारों और गांव के लोगों के बीच पंचायत हुई थी। पंचायत में ससुराल पक्ष ने शादाब की दूसरी शादी कराने की इच्छा जताई थी। लड़की पक्ष ने इस पर शर्त रखी थी कि अमरीन के भविष्य की सुरक्षा के लिए उसके नाम कोई संपत्ति की जाए। इस मुद्दे पर जल्द ही दूसरी पंचायत होनी थी, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई।
शनिवार को अमरीन अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने करीब 50 प्रतिशत तक झुलसने की बात बताते हुए बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
अमरीन के चाचा ने बताया कि उन्हें ग्राम प्रधान के माध्यम से घटना की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चा न होने की वजह से अमरीन को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है, लेकिन महिला काफी परेशान रहती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। वहीं, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति और ससुराल पक्ष के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल महिला का इलाज प्राथमिकता है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 27 June 2026, 8:34 PM IST