
प्रतीकात्मक छवि
Prayagraj: सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत करने वाली एक नवविवाहिता की शादी के महज चार दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस घर में कुछ दिन पहले शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में एक 25 वर्षीय नवविवाहिता का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, नैनी के काजीपुर मोहल्ले के रहने वाले गणेश केसरवानी ने 29 मई को चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र स्थित डीह बिलारी गांव की रहने वाली संजना बिंद से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने परिजनों की मौजूदगी में श्रीराम जानकी मंदिर में वैवाहिक जीवन की शुरुआत की थी। शादी के अगले दिन यानी 30 मई को संजना अपने ससुराल काजीपुर आ गई थी। परिवार में खुशी का माहौल था और नवदंपती अपने नए जीवन की शुरुआत कर रहे थे। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों में यह खुशी एक बड़े हादसे में बदल जाएगी।
चार लाशें, बंद घर और दीवार पर लिखा संदेश… प्रयागराज मर्डर केस में कौन है ‘बंटी-बबली’?
सोमवार देर रात घर में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। परिवार के लोगों के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। मंगलवार तड़के जब पति गणेश की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि संजना कमरे में मौजूद नहीं है। गणेश ने उसे घर और छत पर तलाशना शुरू किया। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब वह नहीं मिली तो वह वापस कमरे के पास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि कमरा अंदर से बंद है। उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही नैनी पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रयागराज में बंद मकान, सूखी खून की धार और 4 शव… कौन दे रहा था मौत को अंजाम?
घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को भी दे दी गई है। नवविवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के आने और उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि मायके पक्ष किसी प्रकार का आरोप लगाता है तो उन आरोपों के आधार पर विस्तृत जांच की जाएगी।
Location : Prayagraj
Published : 3 June 2026, 3:31 PM IST