हिंदी
मर्डर (Img : Google)
Prayagraj : जिले में एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। करोड़ों की संपत्ति वाले एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई और उनका घर बाहर से पूरी तरह बंद मिला। अंदर का मंजर इतना भयावह था कि पुलिस भी कुछ देर तक स्तब्ध रह गई।
साउथ मलाका के हीवेट रोड चौराहे पर स्थित दो मंजिला मकान में व्यापारी वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता (65), बेटी मीनाक्षी (40) और बेटे अभिषेक (38) के शव बरामद हुए। तीन शव ऊपर के कमरों में पड़े मिले, जबकि एक शव नीचे दुकान से मिला जो बाहर से बंद थी।
मंगलवार दोपहर पड़ोसियों को घर से तेज बदबू आने लगी, जिसके बाद शक गहराया। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुई। जैसे ही पुलिस अंदर पहुंची, एक-एक कर चार लाशें मिलने से हड़कंप मच गया।
प्रयागराज में भीषण सड़क हादसा: बस-कार की जोरदार टक्कर में दंपती समेत 3 की मौत, बेटा गंभीर
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस कमरे में दंपती के शव मिले, वहां एक बोर्ड पर लिखा मिला-“बंटी, बबली और बहू ने मारा।” इस संदेश ने पुलिस की जांच को और उलझा दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ये नाम किससे जुड़े हैं और क्या इनका इस हत्याकांड से कोई संबंध है।
जानकारी के मुताबिक परिवार का सामाजिक दायरा सीमित था और वे अपने कारोबार तक ही सीमित रहते थे। दो मंजिला मकान में नीचे 14 दुकानें भी हैं। जिनमें से कई किराए पर दी गई थीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं संपत्ति विवाद या अंदरूनी रंजिश तो इस वारदात की वजह नहीं।
मौके पर फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति साफ हो सकेगी, लेकिन फिलहाल यह मामला एक रहस्यमय मर्डर मिस्ट्री बन चुका है।
Location : Prayagraj
Published : 2 June 2026, 11:23 PM IST