
फार्म हाउस के रोशनदान में फंसा मिला युवक का शव (Img: X)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर शहर के दिल्ली-मेरठ मार्ग पर एसआरएम शिक्षण संस्थान के पास स्थित सारस्वत फार्म हाउस के बाथरूम के रोशनदान में शुक्रवार रात एक युवक का शव फंसा मिला। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को रोशनदान से बाहर निकाला। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फार्म हाउस के बाथरूम के रोशनदान में एक युवक का शव फंसा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक शव को बाहर निकाला। बताया गया कि युवक का पैर रोशनदान के अंदर और सिर बाहर की ओर था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक फार्म हाउस में चोरी के इरादे से रोशनदान के रास्ते अंदर जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया होगा। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और समय की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Location : Ghaziabad
Published : 26 September 2026, 9:44 PM IST