मिर्जापुर में पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी उलझी

मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के पास एक आम के पेड़ से ट्रक चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता मिला। मृतक मध्यप्रदेश के रीवा से अपने पैतृक गांव लौट रहा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 October 2026, 3:24 PM IST

Mirzapur: जनपद के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। हाइवे से करीब तीन सौ मीटर दूर एक आम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में 50 वर्षीय एक व्यक्ति का शव लटकता मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रीवा से पैतृक गांव लौट रहे थे भोलानाथ दुबे

मृतक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के थर परसिया गांव निवासी उमा कृष्ण दुबे के 50 वर्षीय बड़े पुत्र भोलानाथ दुबे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, भोलानाथ पेशे से ट्रक चालक थे और पिछले 20 वर्षों से मध्य प्रदेश के रीवा शहर में परिवार के साथ रह रहे थे।

देवरिया में दो युवकों की निर्मम हत्या से सपा सांसद आक्रोशित, 7 दिन में खुलासा न होने पर थाना घेरने की चेतावनी

मंगलवार दोपहर वह अपना ड्राइविंग लाइसेंस लेने के लिए रीवा से अपने पैतृक गांव थर परसिया के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। बुधवार सुबह भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पीछे सीवान में शौच के लिए गए ग्रामीणों ने आम के पेड़ की डाली से नायलॉन की रस्सी के सहारे उनका शव लटकता देखा।

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के छोटे भाई विनोद दुबे ने बताया कि उनके बड़े भाई की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह मध्य प्रदेश से गांव के लिए निकले थे, ऐसे में वह भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के इस आम के बगीचे में किन परिस्थितियों में पहुंचे, यह रहस्य बना हुआ है।

गोरखपुर में बाइक-ऑटो की भीषण भिड़ंत, बलजीत की मौके पर मौत; मासूम बच्चों समेत कई घायल, दो की हालत नाजुक

चार भाइयों में सबसे बड़े भोलानाथ के परिवार में पत्नी ललिता देवी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हाल ही में उनकी पुत्री का विवाह हुआ था। इस अचानक हुई घटना से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  21 October 2026, 3:24 PM IST