
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Mirzapur: मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित कुनबिया मार जंगल में मंगलवार को एक 10 वर्षीय अज्ञात बालिका का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल की झाड़ियों के बीच मिले शव की हालत देखकर ग्रामीणों के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी स्तब्ध रह गए। मासूम के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने घटना को और भी गंभीर बना दिया है। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग से अंदर स्थित कुनबिया मार जंगल में ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच एक बालिका का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृत बालिका आसमानी रंग की कुर्ती और काले रंग की पजामा (लैगी) पहने हुई थी। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव के पूरे चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर बालिका की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतका की पहचान न हो पाने से जांच और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है। पुलिस अब जिले सहित आसपास के अन्य जिलों के थानों से संपर्क कर दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर बालिका की पहचान कराने में जुटी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक स्वयं मड़िहान पुलिस और भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बालिका की पहचान और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए जा सकें।
घटना के जल्द खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है। इन टीमों को अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
UP Crime: शर्मनाक! शौच के लिए जा रही नाबालिग लड़की का किया बुरा हाल, इलाके में हड़कंप
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि देवरी क्षेत्र के जंगल में 8 से 10 वर्षीय बालिका का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। हालांकि शव पर मिले चोट के निशान कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Location : Mirzapur
Published : 3 June 2026, 10:30 AM IST
Topics : Child Murder Case Madihan Jungle Case Mirzapur Crime News Police Investigation Suspected Rape Murder