400 रुपये रोज कमाने वाला कैसे बन गया 41 करोड़ का खाताधारक? मिर्जापुर की इस कहानी ने सबको चौंकाया

मिर्जापुर के एक साधारण युवक की जिंदगी उस वक्त बदल गई, जब आयकर विभाग का नोटिस उसके घर पहुंचा। रोज 400 रुपये कमाने वाले इस शख्स के नाम पर करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 15 July 2026, 5:57 PM IST

Mirzapur: मिर्जापुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। गांव में खेती करने और मैजिक गाड़ी चलाकर रोजाना 400 से 500 रुपये कमाने वाले एक युवक को आयकर विभाग ने करोड़ों रुपये के लेन-देन का नोटिस भेज दिया। जब उसे पता चला कि उसके नाम के बैंक खाते से 41 करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

शादी के कुछ महीने बाद साले ने दिया नौकरी का लालच

पड़री थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव निवासी श्याम बाबू के मुताबिक उनकी शादी साल 2020 में हुई थी। शादी के करीब छह महीने बाद उनके सगे साले ने दिल्ली में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। वह उन्हें अपने साथ दिल्ली ले गया, जहां उनके जरूरी दस्तावेज तैयार कराए गए और एक बैंक में नया खाता खुलवाया गया।

ये भी पढ़ें- सड़क पर मनमानी पड़ी भारी… देवरिया में पुलिस की अचानक कार्रवाई, 79 वाहनों पर चला नियमों का डंडा

श्याम बाबू का आरोप है कि खाते में मोबाइल नंबर उनका नहीं बल्कि साले का दर्ज कराया गया। उस समय उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि आगे चलकर यही खाता उनके लिए बड़ी परेशानी बन जाएगा।

हस्ताक्षर लेकर खाते से हुआ करोड़ों का लेन-देन

श्याम बाबू का कहना है कि कुछ समय बाद साला गांव आया और चेक बुक पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद उनके खाते का इस्तेमाल किस तरह हुआ, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। आरोप है कि इसी खाते से 41 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लेन-देन किया गया।

जब आयकर विभाग का नोटिस घर पहुंचा, तब पहली बार उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी मिली। विभाग ने नोटिस में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का हिसाब मांगा और करीब 6 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया बताया।

तीन बार नोटिस मिलने के बाद बढ़ी चिंता

पीड़ित का कहना है कि उन्हें अब तक आयकर विभाग की ओर से तीन नोटिस मिल चुके हैं। उन्होंने जब इस बारे में अपने ससुराल पक्ष और साले से बात की तो उन्हें चुप रहने की सलाह दी गई और कहा गया कि कुछ नहीं होगा। लेकिन लगातार नोटिस मिलने के बाद उनकी चिंता और बढ़ गई। अब श्याम बाबू खुद विभाग के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- सरिया खरीदने की चाहत में 6.97 लाख की ठगी… 200 फर्जी खातों का खुलासा, साइबर गिरोह के राज से पुलिस भी हैरान

सिर पर 6 करोड़ का टैक्स

श्याम बाबू बताते हैं कि उनकी जिंदगी बेहद साधारण है। खेती-किसानी के साथ वह मैजिक गाड़ी चलाकर परिवार का खर्च चलाते हैं। रोजाना 400 से 500 रुपये की कमाई करने वाले व्यक्ति के लिए 6 करोड़ रुपये टैक्स चुकाने की बात किसी बुरे सपने से कम नहीं है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मांग की है कि पूरे बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Location :  Mirzapur

Published :  15 July 2026, 5:53 PM IST