Video: दिल्ली के सुल्तानपुरी में क्या हुआ उस रात? मामूली झगड़ा बना खौफनाक कत्ल!

दिल्ली के सुल्तानपुरी में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया, जहां नाबालिगों ने अपने ही साथी पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 April 2026, 2:42 PM IST


दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मामूली सी कहासुनी ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि कुछ नाबालिगों ने मिलकर अपने ही एक साथी को सरेराह चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना सोमवार 13 अप्रैल की है। सुल्तानपुरी के ई-ब्लॉक स्थित मकान नंबर 2/238 के पास एक लड़के को लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा देखा गया। सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंची और घायल लड़के को तुरंत मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।

बाहरी जिले के DCP विक्रम सिंह ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इनके बीच पिछले कुछ समय से किसी छोटी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके बीच अक्सर नोक-झोंक होती थी लेकिन किसी ने कभी इसकी पुलिस में शिकायत नहीं की थी। घटना वाले दिन शाम को जब दोनों पक्षों का सामना हुआ तो पुरानी रंजिश फिर से भड़क उठी और देखते ही देखते चाकू निकल आए। वारदात के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं।

डीसीपी ने बताया कि तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद किया जा सके और घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। वारदात में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। जिनकी पहचान की जा रही है। फरार अन्य नाबालिगों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Location :  New Delhi

Published :  16 April 2026, 2:42 PM IST