दो हत्याकांड, चार दोषियों को फांसी: अब हाईकोर्ट में क्या होगा? मुस्कान-साहिल समेत चारों करेंगे अपील

मेरठ के सौरभ राजपूत और अमित कश्यप हत्याकांड में मृत्युदंड की सजा पाए मुस्कान-साहिल और रविता-अमरदीप दशहरे के बाद हाईकोर्ट में अपील कर सकते हैं। जेल प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाई है और चारों दोषियों की काउंसलिंग कराने की तैयारी है। साहिल और अमरदीप को आगरा तथा महिला दोषियों को लखनऊ की जेल में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 October 2026, 2:18 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ के दो चर्चित हत्याकांड में मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद चारों दोषी अब कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला, जबकि अमित कश्यप उर्फ मिक्की हत्याकांड में रविता और उसके प्रेमी अमरदीप के वकील दशहरे के बाद हाईकोर्ट में अपील कर सकते हैं। चारों दोषी अपील के लिए निजी वकील चाहते हैं।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, मृत्युदंड की सजा के बाद चारों दोषियों की बेचैनी बढ़ने की बात सामने आई है। उनकी निगरानी की जा रही है और जेल अस्पताल के डॉक्टरों से काउंसलिंग कराई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर बैरकों के बाहर अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया है।

परिजनों ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक से की मुलाकात

जानकारी के अनुसार, शनिवार को साहिल और अमरदीप के परिजनों ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा से मुलाकात की थी। चारों दोषियों की ओर से हाईकोर्ट में अपील के लिए निजी वकील किए जाने की तैयारी है। दशहरे के बाद कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की बात कही जा रही है। जेल प्रशासन के मुताबिक, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर दशहरे के बाद चारों दोषियों की काउंसलिंग करेंगे।

मेरठ सांप कांड: फांसी की सजा सुनते ही रोने लगी रविता, प्रेमी अमरदीप को भी मृत्युदंड

आगरा और लखनऊ की जेलों में भेजने की तैयारी

चारों दोषियों को दूसरी जेलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि साहिल और अमरदीप को आगरा जेल भेजने के लिए लखनऊ से पत्राचार किया गया है। वहीं, महिला दोषियों मुस्कान और रविता को लखनऊ स्थित नारी बंदी निकेतन भेजने की योजना है। हालांकि, संबंधित जेलों में जगह उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानांतरण में समय लग सकता है।

पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड

मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव में अमित कश्यप उर्फ मिक्की की हत्या के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयवीर सिंह नागर की अदालत ने रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई। रविता की उम्र 25 वर्ष और अमरदीप की उम्र 22 वर्ष बताई गई है। अदालत ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा साक्ष्य मिटाने और अपराधी को संरक्षण देने से संबंधित धाराओं में सात-सात साल के कठोर कारावास तथा 20-20 हजार रुपये के अलग जुर्माने की सजा सुनाई गई।

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम केस में बड़ा फैसला: अदालत ने मुस्कान और साहिल को सुनाई मौत की सजा

पोस्टमार्टम से सामने आई थी हत्या की बात

13 अप्रैल 2025 की सुबह अमित का शव उनके घर में बिस्तर पर मिला था। मामले को सांप के काटने से हुई मौत जैसा दिखाने की आशंका सामने आई। शव के नीचे एक जीवित घोड़ा पछाड़ सांप यानी रैट स्नेक दबा हुआ मिला था। शरीर पर सांप के काटने के दस निशान भी बताए गए थे। अमित के भाई मोनू शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मौत को सर्पदंश का मामला मानने के बजाय पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। परिजनों के अनुसार, रविता पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़ी थी, लेकिन मोनू ने पोस्टमार्टम करा दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अमित की मौत दम घुटने से होने की बात सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, गला, नाक और मुंह दबाए जाने के संकेत मिले थे। गर्दन की हायोइड बोन और थायरॉइड कार्टिलेज टूटने की जानकारी भी सामने आई। मृतक के भाई मोनू ने 16 अप्रैल 2025 को रविता और अमरदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस जांच के दौरान रविता की कॉल डिटेल में हत्या की रात से गिरफ्तारी तक अमरदीप से 51 बार बातचीत होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था।

नीले ड्रम में मिले थे शव के टुकड़े

मेरठ के बहुचर्चित नीले ड्रम वाले सौरभ राजपूत हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत ने 14 अक्टूबर 2026 को मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। इससे पहले 30 सितंबर 2026 को अदालत ने 22 गवाहों के बयान और डिजिटल साक्ष्यों पर विचार करने के बाद दोनों को दोषी करार दिया था। इंद्रानगर निवासी सौरभ ने वर्ष 2016 में ब्रह्मपुरी की रहने वाली मुस्कान से प्रेम विवाह किया था। सौरभ पहले मर्चेंट नेवी में काम करते थे और बाद में लंदन में नौकरी करने लगे थे।

Location :  Meerut

Published :  19 October 2026, 2:18 PM IST

Advertisement