करंट दिया, गर्दन मरोड़ी और फिर कब्र में छिपाया राज: मेरठ के फरीद हत्याकांड से उठा पर्दा

मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय फरीद की हत्या के मामले में पुलिस ने अपहरण और हत्या की एफआईआर दर्ज की है। एक महिला से अवैध संबंधों के शक में दबंगों ने युवक को पीटा, करंट लगाया और उसकी गर्दन तोड़कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जबरन दफना दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 10:36 AM IST

Meerut: भावनपुर के गांव पचपेड़ा निवासी फरीद 10 जुलाई की रात अचानक घर से गायब हो गया था। बाद में उसका शव ताऊ के खाली मकान में पंखे से लटका मिला, जबकि उसके पैर चारपाई पर टिके हुए थे।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी हबीब, उसका बेटा हिस्ट्रीशीटर सद्दाम, यामीन और कासिम जबरन फरीद के घर पहुंचे। उन्होंने फरीद की पत्नी के विरोध को दरकिनार करते हुए शव को जल्दबाजी में सुपुर्दे-खाक कर दिया ताकि हत्या को खुदकुशी का रूप दिया जा सके।

यह भी पढ़ें: Meerut: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पति-पत्नी को हमेशा के लिए किया एक-दूसरे से जुदा

कब्र से निकाला गया शव, पोस्टमार्टम में खुली पोल

घटना के समय फरीद के पिता साजिद काम के सिलसिले में मुंबई गए हुए थे। वापस लौटने पर जब उन्हें चश्मदीदों से पता चला कि आरोपियों को रात में जंगल की ओर फरीद के साथ जाते देखा गया था, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

घटना के 20 दिन बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस प्रशासन ने फरीद का शव कब्र से बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फरीद की गर्दन की हड्डी टूटी हुई पाई गई, जिससे स्पष्ट हो गया कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी।

यह भी पढ़ें: Meerut News: हादसा, खुदकुशी या कोई खौफनाक साजिश? जल निगम की टंकी के पास लावारिस शव मिलने से हड़कंप

हिस्ट्रीशीटर आरोपी और पुलिस की कार्रवाई

मृतक के पिता साजिद के अनुसार, आरोपियों को शक था कि उनके परिवार की एक महिला से फरीद के संबंध थे। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।

मुख्य आरोपी सद्दाम भावनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर मुजफ्फरनगर और मेरठ में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार हो चुका है। क्षेत्राधिकारी (CO) देहात सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अपहरण, हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Location :  Meerut

Published :  19 August 2026, 10:36 AM IST