मेरठ में भाभी-ननद के प्यार का खूनी अंत: हत्या के बाद महिला बोली- मेरे पति के साथ संबंध बनाए, इसलिए उठाया खौफनाक कदम

मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में महिला की मौत का मामला हत्या निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ननद ने पति और भाभी के कथित अवैध संबंधों के शक में चाकू से हमला कर हत्या कर दी। परिवार ने पहले इसे हादसा बताया, लेकिन दो दिन बाद आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर वारदात कबूल कर ली।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 July 2026, 9:06 AM IST

Meerut: मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हुई महिला की मौत के बाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका की हत्या उसकी ननद ने की थी। आरोपी महिला ने दो दिन तक परिवार के साथ मिलकर घटना को हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन वह अंत में खुद पुलिस के पास पहुंच गई और पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

क्यों की ननद ने भाभी की हत्या?

आरोपी रिम्शा को शक था कि उसके पति ओवेश और उसकी भाभी निदा उर्फ सोनी के बीच पिछले कई वर्षों से अवैध संबंध थे। पूछताछ में रिम्शा ने बताया कि उसने कई बार भाभी से उसके पति से दूरी बनाने के लिए कहा था। घटना वाले दिन भी उसने इसी बात को लेकर विरोध जताया, लेकिन जवाब में भाभी ने कथित तौर पर कहा, "पहले अपने पति को संभालो।" इसी बात से नाराज होकर रिम्शा ने रसोई से चाकू उठाया और भाभी के सीने पर कई वार कर दिए।

यह भी पढ़ें-गोरखपुर: पुलिस की आंखों के सामने हुआ बड़ा खेल! जिला अस्पताल से फरार हुआ बाल अपचारी, 4 टीमें भी खाली हाथ

हादसा बताकर छिपाने की हुई कोशिश

वारदात के बाद परिवार के लोग घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को बताया गया कि महिला की मौत फर्श पर गिरने से लगी चोट के कारण हुई है। हालांकि, घटनास्थल की स्थिति और शरीर पर मिले घावों को देखकर पुलिस और मायके पक्ष को संदेह हुआ। इसके बाद जांच शुरू की गई।

पछतावे में खुद पहुंची पुलिस के पास

शुरुआत में रिम्शा भी हादसे की कहानी दोहराती रही, लेकिन दो दिन बाद वह खुद पुलिस के पास पहुंच गई। उसने बताया कि घटना के बाद से उसे लगातार पछतावा हो रहा था और रातभर नींद नहीं आ रही थी। इसके बाद उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया।

यह भी पढ़ें-सड़क पर मनमानी पड़ी भारी… देवरिया में पुलिस की अचानक कार्रवाई, 79 वाहनों पर चला नियमों का डंडा

पुलिस कर रही पूरे परिवार की भूमिका की जांच

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपनी भाभी और पति की बढ़ती नजदीकियों को लेकर नाराज थी। इसी विवाद के दौरान हत्या की वारदात हुई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के बाद साक्ष्य छिपाने या गलत जानकारी देने में परिवार के अन्य सदस्यों की क्या भूमिका रही।

Location :  Meerut

Published :  16 July 2026, 9:06 AM IST