
मुठभेड़ के बाद बदमाश गिरफ्तार
Mathura: मथुरा के जैत थाना क्षेत्र में पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक वांछित बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल कुमार (23) पुत्र नवाब सिंह निवासी सतलोनी खुर्द वेसवा, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़, एक दर्ज मामले में वांछित चल रहा था। सोमवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अल्लैपुर गांव से हाईवे की ओर कच्चे रास्ते से जा रहा है और किसी नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद की। इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद वृंदावन स्थित सौ शैय्या अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी की निगरानी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार विशाल कुमार के खिलाफ मथुरा और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जैत थाना प्रभारी सोनू सिंह ने किया। अभियान में उपनिरीक्षक केशव वशिष्ठ, मनोज भाटी, निशांत पायल, हरेन्द्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Location : Mathura
Published : 9 June 2026, 4:30 PM IST
Topics : Chain Snatcher Arrested Gold Chain Snatching Jait Police Mathura Encounter Police Encounter