
मथुरा में खौफनाक वारदात (सोर्स-एक्स)
Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सोनम, मुस्कान और रूबी जैसे चर्चित मामलों की तर्ज पर एक पत्नी ने अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। बेटी के अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति को पहले दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया गया, और फिर इमामदस्ते की मूसली से सिर कुचलकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई। तीन महीने से अधिक समय तक इस राज को दबाकर रखा गया, लेकिन आखिरकार पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना की शुरुआत 18 अप्रैल की रात को हुई, जब जयसिंहपुरा के राधा कृष्ण वाटिका निवासी मनोज सोनी का अपनी पत्नी नैना से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मनोज संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। भाई रामबाबू के लगातार प्रयास और एसएसपी के सख्त आदेशों के बाद 11 जुलाई को गोविंद नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो नैना का मायका जाना और उसके पिता द्वारा पुलिस को सच्चाई बताना इस पूरे हत्याकांड की परतें उधेड़ गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि नैना की छोटी बेटी के साथ कॉलोनी में रहने वाले डिलीवरी बॉय विमल चौधरी के प्रेम संबंध थे। जब मनोज ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और विरोध किया, तो नैना और उसकी बेटी ने खूनी साजिश रची। योजना के तहत मनोज को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया गया। इसके बाद इमामदस्ते की मूसली से उसका सिर कुचलकर निर्ममता से कत्ल कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बेटी और उसका प्रेमी शव को कंबल में लपेटकर स्कूटी से यमुना किनारे अक्रूर घाट ले गए, जहां साक्ष्य मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया गया।
हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस ने अक्रूर घाट से वह कंबल, घर के बाहर जली हुई राख (कपड़े और दस्तावेज की), तथा वारदात में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद कर ली है। हालांकि यमुना का जलस्तर बढ़ने और घुटनों तक पानी होने के कारण अवशेषों को ढूंढने में दिक्कतें आईं, लेकिन डॉग स्क्वायड और जेसीबी की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने शनिवार को नैना, उसकी बेटी और प्रेमी विमल चौधरी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
कंधे पर कांवड़, पैरों में स्केट्स… बाबा के लिए दो बच्चों की ऐसी भक्ति देख आप भी करेंगे सलाम
मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी नैना के संबंध फरीदाबाद के एक अन्य युवक से भी थे, जिससे उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। पति की हत्या के बाद नैना कुछ समय के लिए छोटी बेटी के साथ फरीदाबाद भी गई थी। यह सनसनीखेज वारदात देश में हाल ही में सामने आए उन खौफनाक मामलों की याद ताजा करती है, जिनमें इंदौर की सोनम (पति राजा रघुवंशी की हत्या), मेरठ की मुस्कान (सौरभ राजपूत हत्याकांड - नीला ड्रम केस), और आगरा की रूबी शर्मा (पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या और बाथरूम में दफनाने का मामला) शामिल हैं। मथुरा की इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों के कत्ल और क्रूरता के नए समीकरणों को बेनकाब कर दिया है।
Location : Mathura
Published : 9 August 2026, 10:08 AM IST