
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Mathura: बरसाना थाना क्षेत्र के गांव आजनौंख में मेले के दौरान लापता हुए नौ वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को एक बाल अपचारी ने अंजाम दिया। आरोपी बच्चे को शौच के बहाने मंदिर के पीछे ले गया था। घटना के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में भी बच्चे के मेले से गायब होने और बाद में मंदिर के पीछे शव मिलने की जानकारी सामने आई थी।
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को गांव आजनौंख में बूढ़ी लीला महोत्सव के दौरान मेला लगा था। नौ वर्षीय बच्चा अपने परिवार के साथ मेला देखने पहुंचा था। इसी दौरान भीड़ में वह परिवार से अलग हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। करीब तीन दिन बाद 26 सितंबर को मंदिर के पीछे पोखर किनारे झाड़ियों में बच्चे का शव मिला। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जौनपुर में सनसनीखेज वारदात: सराफा दुकान में लूट के बाद अधेड़ की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि बाल अपचारी ने बच्चे को अपने साथ शौच के बहाने मंदिर के पीछे चलने को कहा था। पुलिस के अनुसार, वहीं उसने बच्चे के साथ यौन अपराध किया। बच्चे ने घटना की जानकारी अपने पिता को देने की बात कही तो आरोपी घबरा गया।
आरोप है कि इसके बाद उसने बच्चे पर ईंट से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मेले में स्टॉल लगाए हुए था और मृतक बच्चा उसका रिश्तेदार था। पूछताछ में उसने बताया कि मेले में आने के दौरान उसने बच्चे को कोल्डड्रिंक पिलाई और 20 रुपये भी दिए थे। इसके बाद वह उसे मंदिर के पीछे ले गया।
पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में पहले भी दो-तीन बच्चों के साथ ऐसी हरकत करने की बात बताई है। हालांकि, इन मामलों में पहले शिकायत नहीं की गई थी। इन दावों की अलग से जांच की जा रही है।
पुलिस ने 27 सितंबर को सुबह करीब 11:20 बजे महमदपुर, गोवर्धन से डीग बाईपास की ओर जाने वाले रास्ते से बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष भेजा जा रहा है।
पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं, आरोपी के पूर्व व्यवहार और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
Location : Mathura
Published : 28 September 2026, 12:28 PM IST