
फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच (IMG: Dynamite News)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। पत्नी से मनमुटाव के बाद पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव में चल रहे 30 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में चार मासूम बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है।
मामला कासगंज जिले के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव पिलखुनी का है। यहां रहने वाले सूबेदार के 30 वर्षीय बेटे अजय पाल की मंगलवार सुबह मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अजय ने घर के एक कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घर में चीख-पुकार मच गई।
अजय पाल की शादी साल 2018 में गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के मोहल्ला भीकन निवासी विनीता देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के चार बच्चे हुए। इनमें सात साल की बेटी सानवी, पांच साल का बेटा कार्तिक, तीन साल की बेटी अनाया और एक साल की सबसे छोटी बेटी शामिल है। परिवार में चार बच्चों की जिम्मेदारी अजय के कंधों पर थी। हालांकि, पति-पत्नी के बीच कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्तों में आई दूरी धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। इसी वजह से मार्च 2026 में विनीता अपने मायके चली गई थी।
फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच (IMG: Dynamite News)
परिजनों के मुताबिक, पत्नी के मायके चले जाने के बाद से ही अजय मानसिक तनाव में रहने लगा था। वह अक्सर परेशान रहता था। परिवार के लोगों का कहना है कि इस दौरान उसकी शराब पीने की आदत भी बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि पत्नी से दूरी और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते अजय की जिंदगी में काफी बदलाव आ गया था।
मंगलवार सुबह अजय के पिता सूबेदार ने यूपी-112 पर फोन कर बेटे के आत्महत्या करने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप मलिक पुलिस बल के साथ गांव पिलखुनी पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी तरह की आपराधिक घटना सामने नहीं आई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में लगी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के पीछे पारिवारिक मनमुटाव और मानसिक तनाव की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Location : Kasganj
Published : 17 November 2026, 12:20 PM IST