मुजफ्फरनगर में चलती बाइक पर मोबाइल में धमाका, 40 वर्षीय युवक की मौत

मुजफ्फरनगर में वहलना चौक के पास बाइक से लौट रहे 40 वर्षीय विकास अंतल के मोबाइल की बैटरी फटने की बात सामने आई है। सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल विकास की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 October 2026, 12:06 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बाइक से घर लौट रहे 40 वर्षीय विकास अंतल के मोबाइल में अचानक धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि मोबाइल की बैटरी फटने के बाद विकास बाइक से सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। विकास अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे को छोड़ गए हैं।

मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहे थे विकास

यह घटना मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र में वहलना चौक के पास सोमवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रहमतपुर गांव निवासी विकास अंतल अपनी मां को माजरा गांव स्थित अपनी ननिहाल छोड़ने गए थे। वहां से वह बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनके मोबाइल फोन की बैटरी में धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि धमाके के बाद विकास का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से सड़क पर जा गिरे।

मोबाइल में धमाका, फिर सड़क पर गिरा बाइक सवार! मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसे से परिवार सदमे में

पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया

हादसे के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल विकास को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बेहतर उपचार की उम्मीद में परिवार के लोग उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई। विकास की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस व्यक्ति के घर लौटने का इंतजार किया जा रहा था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। मंगलवार को जब उनका शव गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया।

बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

विकास अंतल अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। उनकी छह साल की बेटी दृष्टि और तीन साल का बेटा अभी इतने छोटे हैं कि पिता को खोने का दर्द भी शायद पूरी तरह समझ नहीं सकते। इस हादसे ने परिवार के सामने दुखों के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी कर दी है। बुजुर्ग माता-पिता ने अपना बेटा खो दिया, वहीं पत्नी के सिर से पति का साथ छिन गया। गांव के लोग भी इस घटना से दुखी हैं और परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पड़ोसी ने बताया कैसे हुआ हादसा

विकास के पड़ोसी शैलेंद्र कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि विकास अपनी मां को माजरा गांव में ननिहाल छोड़ने गए थे। वहां से लौटते समय वहलना चौक के आसपास उनके मोबाइल की बैटरी फट गई। इसके बाद उन्हें चोट लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। शैलेंद्र के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिसकर्मियों ने विकास को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजन उन्हें आरोग्य अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुजफ्फरनगर कचहरी में पति-पत्नी के बीच जमकर मारपीट! वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी मौत की वजह

इस मामले में खालापार थाना अध्यक्ष विजय सिंह ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल की बैटरी फटने के बाद बाइक सवार व्यक्ति घबरा गया और सड़क पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोट मौत की वजह हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं यशिका चौहान

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने विकास के पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही दुख की इस घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  21 October 2026, 12:06 PM IST

Advertisement