Disha Salian Case में बड़ा ट्विस्ट, पिता का नया दावा; Sushant Singh Rajput की मौत से जुड़े सवालों के मिलेंगे जवाब?

दिशा सालियान मौत मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। दिशा के पिता सतीश सालियान ने दावा किया है कि उनकी बेटी और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बीच संबंध है। उन्होंने दोनों मामलों की दोबारा जांच की मांग की है। वहीं आदित्य ठाकरे ने लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 4 September 2026, 9:21 AM IST

मुंबई: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रहीं दिशा सालियान मौत मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद दिशा के पिता सतीश सालियान ने दावा किया है कि उनकी बेटी और सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बीच कोई न कोई संबंध जरूर है।

एक हफ्ते के अंदर हुई थी दोनों की मौत

दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में हुई थी। वह एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद मृत पाई गई थीं। इसके कुछ ही दिन बाद 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत मिले थे।

दोनों घटनाओं के बीच कम समय का अंतर होने के कारण यह मामला लगातार चर्चा में रहा।

दिशा के पिता का दावा- "दोनों मौतों का 100% संबंध"

सतीश सालियान ने कहा कि सुशांत और दिशा की मौत के बीच "100 प्रतिशत संबंध" है। उन्होंने दावा किया कि दिशा के पास सुशांत से जुड़ी कुछ अहम जानकारी थी।

उन्होंने कहा, "दिशा ने सुशांत की गलत हरकतों से जुड़ा एक वीडियो भेजा था। यह उनकी मौत से जुड़ा था।" हालांकि उन्होंने इस दावे से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की और कहा कि जांच के बाद सच सामने आएगा।

दिशा की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार

सीबीआई जांच के आदेश पर संतोष जताते हुए सतीश सालियान ने कहा कि उनकी बेटी की मौत आत्महत्या नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका हो सकती है।

उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि सीबीआई सभी संबंधित लोगों से पूछताछ करेगी और सच्चाई सामने आएगी।

सुशांत केस की जांच पर भी उठाए सवाल

दिशा के पिता ने सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सुशांत की मौत को आत्महत्या बताना गलत है और इसकी दोबारा जांच होनी चाहिए।

हाईकोर्ट में दायर याचिका में लगाए थे गंभीर आरोप

दिशा सालियान के पिता ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया था कि उनकी बेटी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी और कुछ प्रभावशाली लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे।

उन्होंने शिवसेना (UBT) विधायक आदित्य ठाकरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की थी। हालांकि आदित्य ठाकरे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें झूठा, बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताया है।

Location :  Mumbai

Published :  4 September 2026, 9:16 AM IST