
अस्पताल में अफरातफरी
Gopalganj: बिहार के गोपालगंज जिले में सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बरहिमा टोल प्लाजा के पास एनएच-27 पर दिल्ली से छपरा जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार गूंज उठी।
हादसे के समय बस में दर्जनों यात्री सवार थे। जैसे ही बस पलटी, कई यात्री सीटों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे बस के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को समझने का मौका ही नहीं मिला। घायलों में विकास कुमार सहित कई यात्री शामिल हैं। वहीं सारण जिले के पानापुर गांव निवासी चंद्र प्रकाश (32 वर्ष), उनकी पत्नी प्रीति कुमारी (28 वर्ष) और उनके छोटे बच्चे दिव्यांश कुमार (2 वर्ष) और शिवांश कुमार (3 वर्ष) भी इस हादसे में घायल हो गए।
बिहार की सम्राट सरकार में विभागों का बंटवारा, सीएम संभालेंगे 29 विभाग; जानिये किसको क्या मिला
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने बिना देर किए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। कुछ लोगों को कांच तोड़कर बाहर निकाला गया तो कुछ को सहारा देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसी दौरान जेसीबी मशीन की मदद से बस को सड़क किनारे गड्ढे से बाहर निकालने का काम भी शुरू किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सामान्य किया जा सके।
घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से गोपालगंज सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अफरातफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की गई। वैशाली जिले के जलालपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार सहित करीब दो दर्जन यात्री इस हादसे में घायल हुए हैं।
बिहार में सत्ता बदली, सोशल मीडिया पर भी दिखा असर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि बस चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ।
Location : Gopalganj
Published : 20 April 2026, 1:52 PM IST