25 हजार का इनामी और बांग्लादेशी नोटों का काला कारोबार… UP ATS ने मालदा से ऐसे दबोचा जाकिर को

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने नकली भारतीय नोटों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 8:53 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने नकली भारतीय नोटों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान जाकिर के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। ATS ने उसे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए वाराणसी लाया है।

बांग्लादेश से आता था नकली नोटों का जाल

ATS की जांच में पता चला कि नकली भारतीय नोट बांग्लादेश में तैयार किए जाते थे। इसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत लाया जाता था। जाकिर अपने नेटवर्क के माध्यम से इन नकली नोटों को उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में पहुंचाता था। इस नेटवर्क का खुलासा नवंबर 2024 में वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान हुआ था। उस समय ATS ने मोहम्मद सुलेमान अंसारी और इदरीस को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये के नकली भारतीय नोट बरामद हुए थे।

Lucknow: अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- संविधान, श्रद्धा और आस्था से हुआ खिलवाड़

पूछताछ में सामने आया जाकिर का नाम

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि जाकिर ही उन्हें नकली नोट उपलब्ध कराता था। जांच में यह भी सामने आया कि बांग्लादेश निवासी रफीकुल नकली नोटों की खेप जाकिर तक पहुंचाता था। इसके बाद जाकिर अपने सहयोगियों की मदद से इन नोटों को अलग-अलग राज्यों में भेजता था।

25 हजार का इनामी था आरोपी

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद ATS ने जाकिर की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार तलाश के बाद 3 जुलाई को उसे मालदा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी ATS

ATS अब आरोपी से पूछताछ कर नकली नोटों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा देश के किन-किन राज्यों में नकली नोटों की सप्लाई की जाती थी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Lucknow

Published :  4 July 2026, 8:53 PM IST