मैनपुरी में सरेराह गुंडागर्दी का रोंगटे खड़ा करने वाला मामला, अधमरी हालत में पटरी पर फेंकी गई महिला, मचा हड़कंप

मैनपुरी से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसका खौफनाक वीडियो देख सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है। बीच सड़क पर हुई इस हैवानियत के बाद पीड़ित को मरने के लिए ऐसी जगह फेंक दिया गया, जिसे देख हर कोई दंग है। आखिर क्या है पूरा सच?

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 15 July 2026, 9:09 AM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब मेहनत-मजदूरी कर अपना पेट पालने वाली महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के नगला गोवर्धन भावत रोड पर एक दबंग महिला ने ई-रिक्शा चालक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी महिला ने न सिर्फ पीड़िता को बेरहमी से लहूलुहान किया, बल्कि उसे जान से मारने की नीयत से रेलवे पटरी पर फेंक दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मामूली विवाद और दबंगई का खौफनाक रूप

पीड़ित महिला की पहचान ज्योति के रूप में हुई है। वह मैनपुरी में ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है और अपने बच्चों के लिए दिन-रात मेहनत करती है। आरोप है कि क्षेत्र की ही एक दबंग महिला, सुनीला यादव, ने एक मामूली बात पर विवाद खड़ा कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि सुनीला यादव ने कानून को ताक पर रखकर ज्योति पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपी ने ज्योति को बेरहमी से पीटा और जब वह अधमरी हो गई, तो उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक कर फरार हो गई ताकि कोई बड़ा हादसा हो जाए।

यह बी पढ़ें -सदर तहसील में जुटीं महिलाएं और युवतियां, मिला आत्मनिर्भरता का ये खास मंत्र

सोशल मीडिया पर रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल

इस वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल ज्योति रेलवे पटरी के बीच असहाय और तड़पती हुई हालत में पड़ी दिखाई दे रही है। पटरी पर जिंदगी और मौत के बीच जूझती महिला का यह खौफनाक मंजर जिसने भी देखा, उसका दिल दहल गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

यह भी पढ़ें-मैंने अपनी मर्जी से शादी की है… प्रेम विवाह के बाद नवविवाहिता पहुंची SSP दफ्तर, बोली परिवार से है जान का खतरा

इंसाफ के लिए एसपी दफ्तर पहुंची पीड़िता, जांच शुरू

इस कायरतापूर्ण हमले से डरी और सहमी पीड़ित ई-रिक्शा चालक ज्योति किसी तरह न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंची। पीड़िता ने एसपी को अपनी आपबीती सुनाई और आरोपी दबंग महिला सुनीला यादव के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। मामले की गंभीरता और वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं। एसपी ने शहर कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया है कि वीडियो साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

Location :  Mainpuri

Published :  15 July 2026, 9:08 AM IST