शादी का वादा, फिर ब्लैकमेल का खौफनाक खेल! मैनपुरी में महिला ने खोली आरोपी की पूरी साजिश

मैनपुरी में एक महिला की शिकायत ने कथित धोखे, ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों का मामला सामने ला दिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। आखिर महिला ने क्या आरोप लगाए और पुलिस अब क्या कार्रवाई कर रही है, जानिए पूरी खबर।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 6 July 2026, 10:22 AM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक महिला की शिकायत पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी सूरज के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोर्ट परिसर में हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार, पीड़िता किशनी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसका अपने पति से विवाद चल रहा है और मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। इसी सिलसिले में वह नोएडा से मैनपुरी कोर्ट आती-जाती थी। महिला का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले कोर्ट परिसर में उसकी मुलाकात नगला कैथ निवासी सूरज से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने मदद का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीत लिया।

होटल ले जाकर शोषण करने का आरोप

महिला का आरोप है कि 4 जनवरी को अदालत से लौटते समय आरोपी उसे बहला-फुसलाकर एक होटल ले गया। वहां शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और कथित तौर पर उसका आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी वीडियो दिखाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और कई बार मिलने का दबाव बनाता रहा।

दो लाख रुपये मांगने और धमकी देने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। महिला के अनुसार, 14 अप्रैल को आरोपी ने वीडियो डिलीट करने के बदले दो लाख रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर उसे जान से मारने और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई।

मुजफ्फरनगर में सुबह-सुबह गोलियों की गूंज! पुलिस से भिड़ा 10 हजार का इनामी बदमाश, फिर हुआ बड़ा एक्शन

मानसिक तनाव में आत्महत्या का प्रयास

महिला का आरोप है कि लगातार ब्लैकमेल और धमकियों से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। इसके बाद वह मैनपुरी पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

Ram Mandir Silver Case: राम मंदिर की चढ़ाई चांदी पर पुलिस को कब हुआ शक? जांच में सामने आया पूरा सच

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

Location :  Mainpuri

Published :  6 July 2026, 10:22 AM IST