Mainpuri Fraud Case: करोड़ों की जमीन पर ‘फर्जी खेल’! पति को नशा कराकर माफियाओं ने लिखवा ली जमीन

मैनपुरी के औंछा क्षेत्र में एक महिला ने भू-माफियाओं पर अपने मानसिक रूप से कमजोर पति को शराब पिलाकर करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी से हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 4 June 2026, 2:07 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र से जालसाजी और धोखाधड़ी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के ग्राम विलासपुर की रहने वाली एक बेबस महिला ने गांव के ही कुछ दबंगों पर उसके पति को बहला-फुसलाकर और नशा कराकर करोड़ों रुपये की कीमती जमीन अपने नाम लिखवाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। भू-माफियाओं के इस फर्जीवाड़े का शिकार हुई पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक (एसपी) और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बैंक लोन का झांसा देकर हासिल किए दस्तावेज

अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, पीड़िता सीमा देवी पत्नी मनीराम का आरोप है कि उसका पति मानसिक रूप से काफी कमजोर है और शराब पीने का आदी है। गांव के कुछ शातिर लोगों ने उसकी इसी कमजोरी का फायदा उठाया। आरोपियों ने उसके पति को बैंक से कृषि ऋण (KCC लोन) दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि संदीप, अतुल, अंकित, अनुज चौहान, ईश्वरी देवी, सरोजनी देवी, प्रवेश, रजनेश और प्रेमपाल ने उसके पति को बहलाकर अपने साथ ले गए और उसके आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित जमीन के अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल कर लिए। महिला का आरोप है कि 5 मार्च 2026 को उसके पति को जबरन अत्यधिक नशे की हालत में रखकर तहसील में कई बैनामे (रजिस्ट्री) करा लिए गए।

बिना भुगतान किए हड़प ली जमीन

प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने छलपूर्वक जमीन के अलग-अलग हिस्सों के विक्रय पत्र ईश्वरी देवी पत्नी तोताराम, सरोजनी देवी पत्नी ज्ञान सिंह, तथा प्रवेश और रजनेश पुत्रगण प्रेमपाल के नाम दर्ज करा लिए। पीड़िता का कहना है कि करोड़ों की इस जमीन के बदले उन्हें कोई धनराशि नहीं दी गई और बाद में सिर्फ 80 हजार रुपये बैंक खाते में भेजने का नाटक किया गया। इससे पहले 16 जनवरी 2026 को भी अनुज चौहान, संदीप और अतुल ने 0.081 हेक्टेयर भूमि का इकरारनामा कराया था, जिसका कोई भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद 21 मई 2026 को भी एक और बैनामा करा लिया गया। पीड़िता को इस महा-फर्जीवाड़े की भनक तब लगी जब हाल ही में आरोपी पक्ष लाठी-डंडों के साथ उसकी भूमि पर कब्जा करने पहुंचा।

पीड़िता सीमा देवी ने पुलिस प्रशासन से सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और उसकी पैतृक जमीन वापस दिलाने की मांग की है। वहीं, इस मामले पर मैनपुरी के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और मामले की गहनता से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  4 June 2026, 2:07 PM IST