Mainpuri: सड़क पर चलना हुआ दूभर, दवा लेने जा रहे दंपती पर झपटे बाइक सवार लुटेरे, जांच में जुटी पुलिस

मैनपुरी के दन्नाहार क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दवा लेने जा रहे दंपती को निशाना बनाकर महिला की सोने की चेन और कुंडल लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 July 2026, 9:09 AM IST

Mainpuri:  जनपद के दन्नाहार थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दवा लेने जा रहे एक दंपती को निशाना बनाकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश महिला के गले से सोने की चेन और कानों के कुंडल लूटकर करहल की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित दंपती से घटना की जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

ओवरटेक कर दंपती को रोका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नगला बाबा निवासी विमल किशोर अपनी पत्नी मुन्नी देवी को दवा दिलाने के लिए बाइक से गांगसी जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जब वे बरनाहल मार्ग पर गांगसी नहर पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।

Mainpuri: राम मंदिर चंदा मामले की SIT जांच पर बरसे सपा सांसद रामजीलाल सुमन बोले-छोटे मोहरे फंसेंगे, बड़े बच निकलेंगे

महिला के गहने झपटकर हुए फरार

जब तक दंपती कुछ समझ पाते, पीछे बैठे बदमाश ने मुन्नी देवी के गले से सोने की चेन और कानों के कुंडल झपट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से करहल की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह तथा दन्नाहार थाना प्रभारी वीरेंद्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ितों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित विमल किशोर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Mirzapur News: कर्ज चुकाने के लिए ड्राइवर और सेल्समैन ने खुद रची फिल्मी लूट की साजिश, फिर ऐसे खुली पोल

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एएसपी नगर ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस लूट से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

Location :  Mainpuri

Published :  15 July 2026, 9:09 AM IST