
घर में घुसकर दी थी जान से मारने की धमकी (Img: Dynamite News)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम सौंज निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने पहले उसके घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी और अगले ही दिन न्यायालय जाते समय उसकी मोटरसाइकिल को कार से टक्कर मार दी। इस घटना में महिला सहित उसके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता पूनम पत्नी राजवीर सिंह के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने पति के साथ घर पर मौजूद थीं। आरोप है कि गांव के अमित रंजन और गणेश जबरन उनके घर में घुस आए। पीड़िता का कहना है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल था।
पीड़िता के अनुसार, 14 जुलाई को जिला जज की अदालत में एक मामले की सुनवाई थी। वह अपने पति और देवर पंकज व देवेश के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दीवानी कचहरी जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में मूंगफली फार्म के पास अमित रंजन अपनी वैगनआर कार से उनका पीछा करने लगा। कार में तीन अन्य लोग भी मौजूद थे।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनकी मोटरसाइकिलों को आगे-पीछे से घेरते हुए तेज रफ्तार कार से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पूनम, पंकज और देवेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल घायलों की मदद की और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल मैनपुरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Rampur: जौहर विश्वविद्यालय पर न किया जाए जमींदोज, अंधकार मे जा सकता है हजारो नौजवानों का भविष्य
पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल यह आरोप पीड़िता की शिकायत पर आधारित हैं। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं।
Location : Mainpuri
Published : 17 July 2026, 3:57 PM IST