
बेवर में तेज रफ्तार DCM की टक्कर से ऑटो चालक की मौत (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ऑटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से ऑटो चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बेवर थाना क्षेत्र के धीरपुर निवासी ध्रुव पुत्र प्रमोद कुमार ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब 9 बजे जब वह बेवर थाना क्षेत्र के छिबरामऊ चुंगी के पास से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार डीसीएम ने उनके ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मृतक के पिता ने बताया कि इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई है।
Location : Mainpuri
Published : 7 August 2026, 4:06 PM IST