हिंदी
युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की मौत मामले बड़ी कार्रवाई (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जनपद के सिसवा क्षेत्र के होनहार ड्रोन इनोवेटर एवं युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध मौत मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। लखनऊ के विभूति खंड थाने में मृतक के बड़े भाई रोहित सिंह की तहरीर पर नोएडा निवासी एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना, दबाव और धमकियां दिए जाने के कारण राहुल सिंह अवसाद में चला गया और अंततः उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
तहरीर में बताया गया है कि राहुल सिंह महज 22 वर्ष की उम्र में देश के प्रतिभाशाली ड्रोन इनोवेटर एवं बाल वैज्ञानिकों में शामिल थे। उन्होंने वर्षों तक ड्रोन तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में कार्य किया तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान प्राप्त किए। उनका सपना देश के लिए नई तकनीक विकसित करना और भारत का नाम विश्व स्तर पर ऊंचा करना था।
ये भी पढ़ें- लखनऊ के होटल में युवा वैज्ञानिक की रहस्यमयी मौत! राहुल सिंह के साथ आखिर उस रात क्या हुआ?
एफआईआर में चन्द्रभूषण मिश्रा, तपिष मिश्रा, उदित मिश्रा और तारिणी मिश्रा, निवासी सेक्टर-49, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) को नामजद किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने राहुल सिंह के शोध कार्य और ड्रोन प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर विवाद खड़े किए, उन पर लगातार मानसिक दबाव बनाया और उत्पीड़न किया। इससे राहुल लंबे समय से तनाव और अवसाद में रहने लगे थे।
मृतक के बड़े भाई रोहित सिंह ने अपनी तहरीर में कहा है कि राहुल ने जीवनकाल में कई बार परिवार को बताया था कि कुछ लोग उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यह केवल आशंका नहीं, बल्कि उन्हें पूरा विश्वास है कि लगातार बनाए गए मानसिक दबाव के कारण ही राहुल ने आत्मघाती कदम उठाया।
तहरीर में रोहित सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि राहुल सिंह को उनके वैज्ञानिक योगदान के लिए राष्ट्रीय गौरव के अनुरूप सम्मान दिया जाए। साथ ही उनके वृद्ध माता-पिता के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
विभूतिखंड थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों, साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 17 July 2026, 3:49 PM IST