महराजगंज में छोटे से विवाद को लेकर दबंगों का खूनी हमला, महिलाओं को भी पीटा

महराजगंज के कोतवाली थाना क्षेत्र के जंगल दुधई उर्फ चेहरी गांव में कटहल तोड़ने और जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 11:32 AM IST

Maharajganj: जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल दुधई उर्फ चेहरी गांव में कटहल तोड़ने और जमीन विवाद को लेकर ऐसा खूनी संघर्ष हुआ जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि दबंगों ने गोलबंद होकर एक परिवार के घर में घुसकर महिलाओं समेत सभी सदस्यों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और वह निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

जमीन विवाद में घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला

पीड़ित अमौरका पुत्र राजेन्द्र निवासी जंगल दुधई उर्फ चेहरी टोला हरैया के अनुसार शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह अपनी निजी जमीन से कटहल तोड़कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के ही छब्बूलाल, हीरालाल, संजय, भोला, सोनू, मनोज और वीरेन्द्र समेत कई लोग गोलबंद होकर उनके घर पहुंच गए। घर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते हमला कर दिया।

Maharajganj: शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, बारात से लौट रहे दोस्तों के साथ दिल दहला देने वाला हादसा

परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं तक को नहीं छोड़ा और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा लात-घूसों से जमकर पिटाई की। इस दौरान मुन्ना पुत्र राजेन्द्र के सिर में गंभीर चोट आई और उनका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं सोहन, त्रिभुवन, श्रीभागवत, रामसूरत, संध्या, अनुराधा, विद्यावती और सुभावती समेत कई लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि परिवार ने कटहल वाली जमीन नहीं छोड़ी तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पीड़ितों का आरोप है कि दबंगों ने यह भी कहा कि उनके स्थानीय नेताओं और पुलिस से अच्छे संबंध हैं, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

गांव में अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेकर चली गई। इसके बाद परिवार ने आईटीएम चौकी चेहरी पर लिखित शिकायत भी दी।

Maharajganj: नेपाल बॉर्डर पर बड़ा खुलासा! युवक की तलाशी में मिला ऐसा सामान, पुलिस भी रह गई हैरान

घायलों को सरकारी एम्बुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू हुआ। परिजनों के मुताबिक देर रात मुन्ना की हालत बिगड़ने लगी, उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे जिसके बाद डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद न तो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई और न ही समय से मेडिकल परीक्षण कराया गया। परिवार का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उन्हें फटकार लगाते हुए भगा दिया और कहा कि "तुम लोग शराब पीकर झगड़ा करते हो।" इस आरोप के बाद पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है।

अब पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।

Location :  Maharajganj

Published :  16 May 2026, 11:32 AM IST