न दरवाजा टूटा, न ताला… फिर भी खाली कर गए तिजोरी! जानिए कैसे आधी रात छत से हुई लाखों की महाचोरी

महराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र के महदेवा दूबे चौराहे पर स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और आलमारी व मनी ट्रांसफर लॉकर तोड़कर सोना, चांदी के आभूषण और हजारों रुपये चोरी कर ले गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 5:42 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के महदेवा दूबे चौराहे पर मंगलवार की देर रात चोरों ने स्वर्ण व्यवसायी की दुकान को निशाना बना लिया। चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और आलमारी व मनी ट्रांसफर के लॉकर को तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 125 ग्राम सोने,300 ग्राम चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर

महदेवा दूबे निवासी आकाश वर्मा चौराहे पर सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और मनी ट्रांसफर की दुकान संचालित करते हैं। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 अगस्त की रात करीब दो बजे चोर छत के रास्ते दुकान के अंदर घुस गए। दुकान में पहुंचने के बाद चोरों ने आलमारी और मनी ट्रांसफर के लॉकर को तोड़ दिया।

Maharajganj: ‘मां के कलेजे से लिपटा था 9 महीने का मासूम…’ फरेंदा में अचानक ढही छत, आंसुओं में बदला ममता का आंचल

125 ग्राम सोने और 300 ग्राम चांदी के साथ 50 हजार रुपये की चोरी

तहरीर के मुताबिक,चोर दुकान से करीब 125 ग्राम सोने और 300 ग्राम चांदी के आभूषण के साथ 50 हजार रुपये नकद उठा ले गए। चोरी के दौरान हुई आहट से दुकानदार की नींद खुल गई। दुकान की ओर जाकर देखा तो आलमारी और मनी ट्रांसफर का लॉकर टूटा हुआ था। दुकान के अंदर सामान भी इधर-उधर बिखरा पड़ा था। स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान के अंदर,आलमारी,लॉकर और छत के रास्ते की बारीकी से जांच की। आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गई। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस चोरों के दुकान में दाखिल होने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते की भी जांच कर रही है। दिन निकलते ही चोरी की जानकारी आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। व्यापारियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Maharajganj Accident: चार युवकों की मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा, NH-730S पर लगाया जाम; मांग पर अड़े परिजन…

पुलिस ने बताया घटना संदिग्ध

थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दुकान में चोरी की सूचना मिली है। घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। चोरी में वास्तविक रूप से कितने मूल्य के आभूषण और नकदी गई है, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  19 August 2026, 5:42 PM IST