महराजगंज में डीएम का बड़ा एक्शन, जल जीवन मिशन में देरी पर एक्सईएन प्रदीप कनौजिया को नोटिस; दो ब्लॉक के BDO भी निशाने पर

महराजगंज के मिठौरा ब्लॉक में विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति, लीकेज और हाउस होल्ड कनेक्शन में देरी पर नाराजगी जताई। एक्सईएन जल निगम को कारण बताओ नोटिस और लक्ष्मीपुर-बृजमनगंज के BDO-APO पर भी नोटिस के निर्देश दिए गए।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 September 2026, 8:00 PM IST

Maharajganj: विकास योजनाओं की रफ्तार और जमीन पर उनकी स्थिति परखने के लिए महराजगंज के मिठौरा ब्लॉक में सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल का सख्त रुख देखने को मिला। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन में देरी, लीकेज और हाउस होल्ड कनेक्शन की धीमी प्रगति सामने आने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता प्रदीप कनौजिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर एक्सईएन को नोटिस

मिठौरा में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान कई बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। लीकेज की समस्या और घर-घर कनेक्शन की धीमी रफ्तार को लेकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता प्रदीप कनौजिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

दो ब्लॉक के BDO और APO भी निशाने पर

समीक्षा बैठक में वीबी-जी राम जी योजना के तहत कम मानव दिवस सृजन का मामला भी सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने लक्ष्मीपुर और बृजमनगंज के खंड विकास अधिकारियों तथा अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा कराने को कहा। उन्होंने विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

महराजगंज में हाईवे किनारे मिले शव की हुई पहचान, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर भी सख्ती

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति का भी जायजा लिया गया। लक्ष्य के मुकाबले प्रतिदिन डिमांड की प्रगति खराब मिलने पर नौतनवा और बृजमनगंज के एडीओ पंचायत को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कायाकल्प योजना के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चल रहे कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा। इसके अलावा बीडीओ और एडीओ पंचायत को तहसील प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर तालाबों के पट्टों की निर्धारित धनराशि ओएसआर खातों में जमा कराने के निर्देश दिए।

RRC और सामुदायिक शौचालयों पर भी फोकस

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्धारित प्रारूप में सूचनाएं जिला स्तर पर उपलब्ध कराने और आरआरसी के प्रभावी संचालन पर जोर दिया। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों के संचालन की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सामुदायिक शौचालयों का संचालन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रभावी तरीके से कराया जाए, ताकि इनका इस्तेमाल और रखरखाव दोनों बेहतर तरीके से हो सके।

बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं की समीक्षा

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एनआरसी में उपलब्ध बेड के सापेक्ष बच्चों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिल सके। इसके साथ ही प्रत्येक गांव में वीएचएसएनडी सत्रों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

महराजगंज के छोटे से गांव से निकले अश्वनी, हाईकोर्ट में बनाई पहचान; अब शिक्षा सेवा चयन आयोग में हुआ चयन

‘प्रोजेक्ट पहचान’ से बच्चों की होगी पहचान

समीक्षा बैठक में ‘प्रोजेक्ट पहचान’ की भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने पूर्व विकासात्मक विलंब और अस्थायी दिव्यांगता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें समय से उपचार और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण और स्कूलों को हाइटेंशन वायर से सुरक्षित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

नए ब्लॉक सभागार का किया उद्घाटन

बैठक के अंत में बीडीओ मिठौरा ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विकासखंड में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। इससे पहले जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नवनिर्मित ब्लॉक सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त श्रम रोजगार, उपायुक्त स्वरोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  21 September 2026, 8:00 PM IST