कृष्ण जन्मोत्सव की रात बनी काल, तीन महिलाओं की मौत; मुरैना में आखिर ऐसा क्या हुआ?

मुरैना में कृष्ण जन्मोत्सव की रात तीन परिवारों की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 September 2026, 1:15 PM IST

Morena: मुरैना में कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन संभाल नहीं सका और सड़क किनारे बनी कुछ दुकानों में जा घुसा, जिससे वहां भी नुकसान हुआ।

दर्शन के बाद घर लौट रही थीं महिलाएं

जानकारी के मुताबिक, हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर घिरोना हनुमान मंदिर के पास देर रात हुआ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली तीन महिलाएं कृष्ण जन्मोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने और पूजा-अर्चना करने के बाद घर लौट रही थीं।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान दिल्ली की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

ये भी पढ़ें- करोड़ों का बकाया! क्या मिलेगा किसानों का हक? बरेली की चीनी मिल पर मंडराया संकट; जानिए पूरा सच

ट्रक दुकानों में जा घुसा

महिलाओं को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रक सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानों में जा घुसा। इससे दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को घटनास्थल से हटाने की कार्रवाई भी की गई।

ये भी पढ़ें- झांकियां देखकर लौट रहे थे घर, रास्ते में काल बनकर आई बस, एटा में दर्दनाक हादसे में मासूम समेत दो की मौत

परिवारों में पसरा मातम

त्योहार के मौके पर घर से खुशी-खुशी निकली तीन महिलाएं जब वापस नहीं लौटीं तो उनके परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे की खबर गांव में पहुंचते ही शोक का माहौल बन गया। कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां देखते ही देखते परिवारों के लिए कभी न भूल पाने वाले दुख में बदल गईं।

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के मुताबिक, तीनों मृतक महिलाएं हरफूल के पुरा गांव की निवासी थीं। पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  Morena

Published :  5 September 2026, 1:15 PM IST