
मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल (Image Source: Dynamite News)
Ludhiana: पंजाब के लुधियाना में प्रेम संबंधों को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद के बाद सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। शिंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरन नगर में दो नवंबर की देर रात गोलीबारी और पथराव की घटना हुई। इसके बाद 23 वर्षीय युवती रैना धीर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उद्योगपति दिव्यांशु बग्गा का दावा है कि युवती के परिजनों ने उस पर हमला कराया और 15 से 20 राउंड गोलियां चलाईं। वहीं, युवती के भाई रोहन धीर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दिव्यांशु पर अपनी बहन को तीन महीने से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
दिव्यांशु बग्गा के मुताबिक, उसके रैना धीर के साथ प्रेम संबंध थे। दोनों परिवारों की पहले से पहचान थी और खाटू श्याम यात्रा के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। दिव्यांशु का दावा है कि दो नवंबर की देर रात रैना ने उसे जन्मदिन का केक काटने के लिए अपने घर बुलाया था। वह रात करीब 12:30 बजे अपनी थार गाड़ी से हरचरन नगर पहुंचा था।
जम्मू-कश्मीर में वारदातें, मेरठ में छिपकर रह रहे थे गैंग के गुर्गे! आधी रात UP STF ने दी दबिश
दिव्यांशु का आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे घेर लिया। उसके मुताबिक, युवती की मां सीमा रानी के उकसाने पर उसके भाई रोहन धीर और 25 से 30 अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने 15 से 20 राउंड फायरिंग की और उसकी गाड़ी पर पत्थरों से हमला किया। गोली लगने से गाड़ी के टायर फट गए। हालांकि, दिव्यांशु किसी तरह क्षतिग्रस्त थार को वहां से भगाकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
बताया गया है कि प्रेमी पर हमले और गोलीबारी की घटना से युवती व्यथित थी। इसके बाद 23 वर्षीय रैना धीर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया और अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। युवती की मौत और आधी रात को हुई गोलीबारी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
दूसरी ओर, अस्पताल पहुंचे मृतका के भाई रोहन धीर ने दिव्यांशु बग्गा के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। रोहन का कहना है कि दिव्यांशु पिछले तीन महीनों से उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और गली में उसके साथ छेड़छाड़ करता था। भाई के मुताबिक, परिवार ने कई बार उसे चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद वह नहीं माना।
रोहन ने आरोप लगाया कि घटना वाली रात दिव्यांशु अपने साथियों के साथ घर के बाहर आया था। वहां शराब पी गई, तेज आवाज में संगीत बजाया गया और परिजनों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया गया। उसने यह भी दावा किया कि दिव्यांशु ने हैबोवाल से लोगों को बुलाकर उनके घर पर गोलियां चलवाई थीं। रोहन के मुताबिक, लगातार प्रताड़ना और दबाव के कारण उसकी बहन ने यह कदम उठाया। परिवार के पास अपने आरोपों से जुड़े सबूत और कॉल रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया गया है।
Location : Ludhiana
Published : 3 November 2026, 4:02 PM IST