Lucknow Gomti River Flood: गुलाला घाट तक पहुंचा पानी, अंतिम यात्रा में भी बढ़ी मुश्किल

Lucknow Gomti River Flood के कारण गुलाला घाट का अंत्येष्टि स्थल पानी में डूबा है। तीन दिनों से परिसर में पानी भरा होने से अंतिम संस्कार प्रभावित हो रहा है। विद्युत शवदाह गृह बिजली बंद होने से ठप है। वहीं, गैस सिलिंडर लेने और कई इलाकों में आने-जाने के लिए लोगों को पानी से गुजरना पड़ रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 October 2026, 8:17 AM IST

Lucknow: लखनऊ में गोमती नदी की बाढ़ अब लोगों के अंतिम सफर में भी बाधा बन रही है। गुलाला घाट के अंत्येष्टि स्थल में पिछले तीन दिनों से नदी का पानी भरा हुआ है। रविवार को घाट जाने वाली सड़क पर करीब डेढ़ फीट पानी तेज बहाव के साथ बहता रहा। ऐसे में शव लेकर घाट पहुंचना और अंतिम संस्कार करना परिजनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया।

शव वाहन को भी पानी के बीच से गुजरना पड़ा

रविवार दोपहर करीब एक बजे एक शव वाहन गुलाला घाट पहुंचा। चालक ने आगे की स्थिति जानने के लिए वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। इसके बाद वह धीरे-धीरे वाहन को पानी के बीच से आगे ले गया। घाट पहुंचने के बाद शव को वाहन से उतारा गया। परिजनों को पानी से गुजरते हुए शव को चबूतरे तक ले जाना पड़ा।

अंत्येष्टि स्थल परिसर में भी करीब एक फीट पानी भरा हुआ है। पानी अब वहां रखी लकड़ियों तक पहुंच गया है। इससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में भी परेशानी हो रही है।

बिजली बंद, विद्युत शवदाह गृह भी ठप

घाट की व्यवस्था देखने वाले वीरेंद्र पांडे के अनुसार, परिसर में पानी भरने के कारण बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। इसके चलते विद्युत शवदाह गृह भी बंद है। ऐसे में लोगों को अंतिम संस्कार के लिए उपलब्ध सीमित व्यवस्थाओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

बलिया में शराब को लेकर विवाद ने लिया खूनी मोड़, युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर

गैस सिलिंडर लेने के लिए भी पानी में चलने की मजबूरी

बाढ़ का असर केवल गुलाला घाट तक सीमित नहीं है। घाट जाने वाले रास्ते पर गैस सिलिंडर वितरण केंद्र तक पहुंचने के लिए लोगों को डेढ़ से दो फीट पानी से होकर गुजरना पड़ा। खदरा निवासी सुहैल और ऐशबाग निवासी मोहम्मद जैब ने बताया कि मजबूरी में करीब 300 मीटर तक पानी के बीच से गुजरकर सिलिंडर लेना पड़ा।

प्रेरणा स्थल से लेकर फैजुल्लागंज मार्ग तक पानी

गोमती का पानी प्रेरणा स्थल में भी अब तक भरा हुआ है। कार्यालय में पानी घुसने से रोकने के लिए मुख्य गेट पर रेत की बोरियां लगाई गई हैं। रविवार को यहां पहुंचे लोगों को पानी की वजह से वापस लौटना पड़ा।

वहीं, आईआईएम मार्ग से कैरियर कॉलेज के पास फैजुल्लागंज जाने वाली सड़क पर करीब 100 मीटर तक तेज बहाव बना हुआ है। बाढ़ के कारण शहर के कई हिस्सों में आवाजाही प्रभावित है और लोगों को लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Location :  Lucknow

Published :  5 October 2026, 8:17 AM IST