
महिला कर्मचारी ने लगाया आरोप (Img: X)
Lucknow: चिनहट इलाके के क्राउन मॉल स्थित पीवीआर आईनॉक्स से महिला कर्मचारी से जुड़े गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। एक महिला कर्मचारी ने वहां तैनात सुपरवाइजर पर अनुचित बातचीत और मांगों को लेकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि जब उसने कथित तौर पर इस व्यवहार का विरोध किया और शिकायत करने की बात कही, तो उसके खिलाफ नौकरी और परिसर में प्रवेश से जुड़ी कार्रवाई की गई।
महिला कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपनी आपबीती बताई। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। महिला के मुताबिक, सुपरवाइजर काफी समय से उससे ऐसी बातें करने का दबाव बना रहा था, जिन्हें वह स्वीकार नहीं करना चाहती थी।
उसने आरोप लगाया कि विरोध करने के बावजूद कथित दबाव कम नहीं हुआ। इसके बाद जब उसने मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही तो हालात और बिगड़ गए।
ये भी पढ़ें- बीवी का एक फोन और गन लेकर पहुंच गया फौजी पति… इस्लामाबाद की यूनिवर्सिटी में छात्रों पर सरेआम गोलियों की बौछार!
महिला का आरोप है कि शिकायत की बात सामने आते ही उसे काम से हटा दिया गया। इतना ही नहीं, उसने दावा किया कि पीवीआर परिसर में उसकी एंट्री भी रोक दी गई। महिला ने इस कार्रवाई को अपने खिलाफ पद के कथित दुरुपयोग से जोड़ते हुए प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
उसका कहना है कि मामले में उसकी बात सुनने के बजाय आरोपी सुपरवाइजर का पक्ष लिया गया। महिला ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
मामला सोशल मीडिया पर फैलने के बाद चिनहट पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपों की प्रारंभिक जांच की जा रही है। मामले से जुड़े लोगों और प्रबंधन से पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 25 August 2026, 11:05 AM IST